अतिक्रमण करने वालों पर कसा शिकंजा
चंबा शहर में सड़क किनारे सामान सजाने व रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसा।
संवाद सहयोगी, चंबा : सदर पुलिस थाना की टीम ने शुक्रवार को शहर में सड़क किनारे सामान सजाने पर शिकंजा कसा। दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों की ओर से सड़क किनारे अतिक्रमण करने पर सामान को हटाया गया। पुलिस ने दुकानदारों को तय हद में सामान रखने के आदेश दिए। आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। पुलिस की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों की ओर से अतिक्रमण करने से शहर की सड़कें सिकुड़ गई हैं। इससे यहां पर लोगों की आवाजाही काफी प्रभावित हो जाती है। दुकानों से बाहर सामान सजाने व रेहड़ी-फड़ी वालों के मनमर्जी स्थल पर कामकाज चलाने की शिकायतें काफी समय से पुलिस को मिल रही थीं। अतिक्रमण से सिकुड़ी सड़कों पर आवाजाही के दौरान कई लोग वाहन की टक्कर से घायल होकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भी पहुंच चुके हैं। इन शिकायतों व घटनाओं का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर शुक्रवार को शहर की सड़कों को दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों के अतिक्रमण से मुक्त करवाया। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले रेहड़ी-फड़ी को हटाया गया। अगली बार उन्होंने सामान जब्त करने व चालान की चेतावनी दी। चंबा शहर में दुकानदारों के खिलाफ सामान फैलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। इस दौरान अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाया है। जो दुकानदार व रेहड़ी संचालक आदेश नहीं मानेंगे उनके अगली बार चालान किए जाएंगे।
प्रशांत ठाकुर, थाना प्रभारी चंबा।