ओबड़ी में कोरोना के खिलाफ जागरूक किए लोग
नेहरू युवा केंद्र की ओर से चलाए जा रहे युवा मंडल विकास कार्यक्रम के तहत ओबड़ी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, चंबा : नेहरू युवा केंद्र की ओर से चलाए जा रहे युवा मंडल विकास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को स्वयंसेवी पुष्पा ने ग्राम पंचायत द्रमण के ओबड़ी में कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने महिलाओं से महिला मंडल के बारे में जानकारी ली। साथ ही नया यूथ क्लब बनाने के लिए डाटा प्राप्त किया। उन्होंने लोगों को कोरोना के खिलाफ भी जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि जिला चंबा में भी कोरोना का प्रभाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए प्रशासन की ओर से बार-बार लोगों को दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। यदि लोग ईमानदारी के साथ नियमों का पालन नहीं करते हैं तो इससे महामारी के फैलने का खतरा रहेगा। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र की ओर से चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ एवं हरित ग्राम अभियान, फिट इंडिया, नई शिक्षा नीति, सुरक्षित दादा-दादी, नाना-नानी अभियान आदि के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोगों को लाभ प्रदान करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कई योजनाएं चलाकर लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सभी लोगों को जागरूक होकर सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर चामुंडा युवा मंडल धनेई के प्रधान नरेंद्र कुमार, अनीता, पुष्पा शर्मा, सुनीता देवी, मनु देवी, विशाल कुमार, अक्षय, राजकुमार, रीना, सुरेश, आजाद, रश्मि, साहिल, साक्षी, सरोज, स्नेह, नीलम आदि मौजूद रहे।