डलहौजी में रोपे देवदार के दो सौ पौधे
नगर परिषद डलहौजी ने पर्यटन नगरी को हराभरा बनाने के लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया है।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : नगर परिषद डलहौजी ने पर्यटन नगरी को हराभरा बनाने के लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया है। मंगलवार को वार्ड दो लोहाली के वन क्षेत्र में पौधारोपण किया गया। नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चड्ढा की अगुआई में पार्षदों सहित काफी संख्या में अन्य लोगों ने पौधारोपण किया। देवदार के लगभग दो सौ पौधे लगाए गए। लोगों ने पौधों का पेड़ बनने तक संरक्षण करने की शपथ ली।
मनोज चड्ढा ने कहा पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़-पौधों की अहम भूमिका है। पौधारोपण के लिए हम सभी को आगे आना चाहिए और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ पौधों का संरक्षण भी करना चाहिए। इस अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रवीन कुमार, कनिष्ठ अभियंता संजीव कुमार, पार्षद हरप्रीत सिंह, पार्षद निर्मला देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
खेल मैदान बनाने की मांग : इस मौके पर लोहाली के वार्ड के निवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष से वार्ड में खेल मैदान बनाने की मांग की। नप अध्यक्ष ने लोहाली वार्ड के पार्षद तिलक राज व अन्य पार्षदों सहित खेल मैदान के लिए भूमि का भी निरीक्षण किया। चड्ढा ने भरोसा दिया कि खेल मैदान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बताया लोहाली में सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन व पार्किंग के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया पंजपूला में एक मार्केट का भी निर्माण करवाया जाएगा ताकि युवा दुकानें चलाकर स्वरोजगार अपना सकें।