भाजपा को कांग्रेस से ही नहीं, अपनों से भी खतरा : जरयाल
भारतीय जनता पार्टी मंडल भटियात की बैठक बुधवार को लोक निर्माण विश्राम गृह ढुंढियारा बंगला में हुई।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : भारतीय जनता पार्टी मंडल भटियात की बैठक बुधवार को लोक निर्माण विश्रामगृह ढुंढियारा बंगला में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चुन्नी लाल ने की। इस मौके पर विधायक बिक्रम ¨सह जरयाल विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक जरयाल ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से पार्टी के प्रचार-प्रसार व संगठन मजबूती के लिए कार्य शुरू करने की अपील की। जरयाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा को खतरा कांग्रेस से नहीं बल्कि पार्टी के कुछ लोगों से है। भटियात हलके के विभिन्न गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है। जिन गांवों में अभी भी सड़क सुविधा का अभाव है उन गांवों के लोग सड़क निर्माण के लिए निजी भूमि को लोक निर्माण विभाग के नाम करवाएं ताकि सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो सके।
जरयाल ने कार्यकर्ताओं से कांगड़ा में प्रस्तावित पन्ना प्रमुख सम्मेलन के लिए भी पन्ना प्रमुखों से तैयारी करने व अपने-अपने बूथों पर कार्यकर्ताओं की नियमित बैठकें करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांवों में बैठकें कर लोगों की समस्याएं व मांगें जानें, ताकि उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनहित के कार्यो का बेवजह न लटकाएं। इसके उपरांत विधायक जरयाल ने जनसमस्याएं भी सुनी तथा अधिकतर का मौके पर निपटारा कर दिया। मंडल अध्यक्ष चुन्नी लाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। इस मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।