विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश: मणिमहेश यात्रा में 48 घंटे में दो मौतें, गौरीकुंड में लंगर सेवादार ने तोड़ा दम

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:03 PM (GMT+05:30)

पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान बीते 48 घंटों में दो श्रद्धालुओं की दुखद मौत हो गई। इनमें अंबाला के एक ...और पढ़ें

मणिमहेश यात्रा में दो दिन में दो लोगों की मौत।

मणिमहेश यात्रा में दो दिन में दो लोगों की मौत।

HighLights

  1. अंबाला के 55 वर्षीय श्रद्धालु की दिल का दौरा पड़ने से मौत

  2. गौरीकुंड में लंगर सेवादार सुच्चा सिंह की तबीयत बिगड़ने से निधन

  3. दुर्गम मार्ग पर स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा करें श्रद्धालु

संवाद सहयोगी, भरमौर (चंबा)। पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान बीते 48 घंटों में दो लोगों की दुखद मौत हो गई। मंगलवार को जहां हरियाणा के अंबाला निवासी एक 55 वर्षीय श्रद्धालु की दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई थी।

वहीं, बुधवार को गौरीकुंड में लंगर सेवा दे रहे पंजाब के 51 वर्षीय सुच्चा सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। भरमौर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पोस्टमार्टम के बाद सुच्चा सिंह का पार्थिव शरीर स्वजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को गौरीकुंड में लंगर सेवा में जुटे 51 वर्षीय सुच्चा सिंह सैनी पुत्र फकीर चंद निवासी गांव झैला अमदा तारागढ़ सिमोड़ा खुर्द तहसील पठानकोट/गुरदासपुर (पंजाब) की अचानक तबीयत खराब हो गई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शव को गौरीकुंड से नीचे भरमौर पहुंचाया और सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में मृतक का शव उनके रिश्तेदार रमन कुमार निवासी लमीनी पठानकोट को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया।

इससे पहले, मंगलवार को यात्रा के दौरान हरियाणा के अंबाला जिला के फतेहगढ़ निवासी 55 वर्षीय श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। उन्हें फौरन मेडिकल सहायता दी गई, लेकिन बचाया नहीं जा सका। उनके साथियों ने बताया कि उनका पहले भी हृदय रोग का उपचार हुआ था और दिल में स्टेंट डला हुआ था।

श्रद्धालु अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के बाद ही यात्रा पर निकलें। मणिमहेश का पैदल मार्ग बेहद दुर्गम और अधिक ऊंचाई वाला है। ऐसे में हृदय रोग, हाई बीपी और सांस की तकलीफ से जूझ रहे लोग डॉक्टरी सलाह के बिना यात्रा न करें। यात्रा के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें और सीने में दर्द, सांस फूलने या चक्कर आने पर तुरंत नजदीकी मेडिकल कैंप में संपर्क करें। -विकास शर्मा, एडीएम भरमौर।

भरमौर पुलिस ने पंजाब निवासी मृतक सुच्चा सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर नियमानुसार विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली है और पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में जरूरी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में ला रही है। -विजय कुमार सकलानी, एसपी चंबा।