चंबा से मणिमहेश के लिए आज निकलेगी छड़ी यात्रा
जिला मुख्यालय से मणिमहेश के लिए दशनाम जूना अखाड़ा की छड़ी धार्मिक परंपरा के अनुसार सोमवार को चंबा से रवाना होगी।
संवाद सहयोगी, चंबा : जिला मुख्यालय से मणिमहेश के लिए दशनाम जूना अखाड़ा की छड़ी धार्मिक परंपरा के अनुरूप सोमवार को रवाना होगी। यह छड़ी छह दिन तक पैदल चंबा से मणिमहेश डल झील के बीच की दूरी तय करेगी। राधाष्टमी पर इस छड़ी को मणिमहेश डल झील में डुबोया जाएगा, जिसके साथ ही मणिमहेश यात्रा संपन्न हो जाएगी। सोमवार दोपहर बाद चंबा शहर के रामगढ़ मोहल्ले में मौजूद दशनाम अखाड़ा में भगवान दत्तात्रेय की पूजा-अर्चना के बाद छड़ी को मणिमहेश के लिए रवाना किया जाएगा। छड़ी यात्रा का उसी तरह धार्मिक महत्व है, जिस प्रकार से अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रीनगर से निकलने वाली दशनाम छड़ी यात्रा का है। देश के विभिन्न भागों से आए साधु महात्मा इस मौके पर अपने ईष्ट देव भगवान शिव के जयकारों के साथ छड़ी यात्रा में भाग लेने पहुंचते हैं। रियासतकाल से इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन दशनाम अखाड़ा चंबा करता आया है। इस छड़ी को भगवान शंकर का अंश माना जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं में इसके प्रति काफी श्रद्धा है। काफी संख्या में लोग छड़ी के साथ चलते हैं तथा इसके साथ ही मणिमहेश झील में डुबकी लगाने के बाद लौटते हैं।