चंबा-होली मार्ग पर भूस्खलन, आठ घंटे रहा बाधित
चंबा-होली मार्ग पर बुधवार दोपहर भूस्खलन हो गया जिससे मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई।
होली, जेएनएन। चंबा-होली मार्ग पर ज्यूरा माता मंदिर के समीप बुधवार दोपहर भूस्खलन हो गया, जिससे मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। लोक निर्माण विभाग ने रात करीब साढ़े आठ बजे मार्ग को बहाल करवा दिया। इसके बाद वाहन चालकों सहित राहगीरों ने राहत की सांस ली। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ज्यूरा माता मंदिर के समीप भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा व शिलाएं सड़क पर आ गिरे। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
गनीमत रही कि जिस समय मार्ग पर भूस्खलन हुआ, उस वक्त वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, नहीं तो कोई अनहोनी हो सकती थी। मार्ग बंद होने से होली से आने-जाने वाली सभी बसों व अन्य वाहनों को मार्ग के बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। विभाग को सड़क पर भारी-भरकम मलबा गिरने से इसे बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आठ घंटे बाद इसे बहाल किया गया। लोक निर्माण विभाग गरोला के सहायक अभियंता एसके धीमान ने बताया कि बुधवार को चंबा-होली मार्ग पर ज्यूरा माता मंदिर के समीप भूस्खलन होने के कारण मार्ग बंद हो गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे मार्ग को बहाल करवा दिया था।