चंबा की जिनिया बनी मिस इंडिया ब्यूटी क्वीन की उपविजेता
चंबा की जिनिया शर्मा ने हाल ही में चंडीगढ़ में आयोजित हुई मिस इंडिया ब्यूटी क्वीन प्रतियोगिता में देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
संवाद सहयोगी, चंबा : चंडीगढ़ में आयोजित मिस इंडिया ब्यूटी क्वीन प्रतियोगिता में चंबा की बेटी जिनिया शर्मा उपविजेता रही है। जिनिया ने हाल ही में 23 दिसंबर को आयोजित प्रतियोगिता में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर जिला चंबा का नाम रोशन किया है। जिनिया को मिस इंडिया हिमाचल और मिस इंडिया ब्यूटीफुल स्माइल के खिताब से भी नवाजा गया है।
जिनिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है। वीरवार को चंबा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में जिनिया ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की 25 सुंदरियों ने भाग लिया। इसमें उसे मिस इंडिया ब्यूटी क्वीन की उपविजेता के खिताब से सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता बीएचएस और जॉलीवुड क्रिएशन्स की ओर से आयोजित की गई। जिनिया ने बताया कि उसका सपना बॉलीवुड अभिनेत्री बनने का है।
जिनिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उदयपुर में बतौर वोकेशनल शिक्षिका कार्यरत है। इससे पूर्व वह मिस नॉर्थ इंडिया प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रह चुकी है। जिनिया के पिता शिव शर्मा ने कहा कि बेटी को मेहनत का फल मिला है। इस मौके पर उपायुक्त हरिकेश मीणा, पद्मश्री विजय शर्मा और चाइल्डलाइन समन्वयक कपिल शर्मा ने भी जिनिया को उपलब्धि पर बधाई दी है।