यातायात के लिए 17 घंटे बाद बहाल हुआ चंबा-होली मार्ग
यातायात के लिए शनिवार को बंद हुआ चंबा-होली मार्ग रविवार शाम को तीन घंटे खुलने के बाद फिर से बंद हो गया, जिसे सोमवार दोपहर करीब दो बजे लोक निर्माण विभाग द्वारा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
संवाद सहयोगी, होली : यातायात के लिए शनिवार को बंद हुआ चंबा-होली मार्ग रविवार शाम को तीन घंटे खुलने के बाद फिर से बंद हो गया, जिसे सोमवार दोपहर करीब दो बजे लोक निर्माण विभाग द्वारा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। मार्ग बहाल होने के बाद स्थानीय लोगों सहित वाहन चालकों ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि, उक्त मार्ग को रविवार शाम करीब छह बजे बहाल कर दिया गया था। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लेकिन, रात करीब नौ बजे फिर से मार्ग पर बड़ी चट्टानें गिरने के कारण यह बंद हो गया था। सोमवार सुबह से ही मार्ग को बहाल करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी जुट गई थी। लेकिन काफी अधिक चट्टानें होने के कारण मार्ग को जल्द ही बहाल नहीं किया जा सका। विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो बजे मार्ग को बहाल किया।
शनिवार को मार्ग पर ज्यूरा माता मंदिर के समीप भारी-भरकम चट्टानें गिरी थीं, जिन्हें शनिवार से लोक निर्माण विभाग द्वारा हटाने का कार्य किया जा रहा था। इसके कारण रविवार को होली मुख्यालय में दूध, ब्रेड व अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति नहीं हो पाई थी। रविवार सुबह ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शाम करीब छह बजे आवाजाही के लिए मार्ग बहाल करवा दिया गया। लेकिन रात को फिर से मार्ग बंद हो गया, जिसे सोमवार दोपहर को पूरी तरह से बहाल करवा दिया गया है। मार्ग को रविवार शाम को बहाल कर दिया गया था, लेकिन रात के समय फिर से चट्टानें गिरने से यातायात बाधित रहा। मार्ग को सोमवार करीब दो बजे पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है।
इंद्र ¨सह गौतम, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग भरमौर।