अध्यापक हिग राज चिराग रोपेंगे पांच सौ पौधे
सामाजिक कार्यो में बढ़-चढ़ कर भाग लेने वाले व पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करने वाले अध्यापक हिग राज चिराग पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्य करने वाले हैं।
संवाद सहयोगी, चंबा : सामाजिक कार्यो में बढ़-चढ़ कर भाग लेने वाले व पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करने वाले अध्यापक हिग राज चिराग पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्य करने वाले हैं। चिराग पर्यावरण दिवस पर अपनी पंचायत में इस बार पांच सौ पौधे रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
पर्यावरण से खास लगाव के चलते उनकी पहचान पौधारोपण करने वाले अध्यापक के तौर पर भी बन गई है। चिराग अब तक करीब आठ हजार पौधे रोप चुके हैं। वन विभाग सलूणी की ओर से चकोली नर्सरी से उनके लिए पौधे आवंटित किए गए। हिगराज चिराग ने बताया कि शारीरिक दूरी के नियम को ध्यान में रखकर ही इस बार पौधारोपण किया जाएगा। इसमें तीन पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। हिगराज चिराग वर्तमान समय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्हेल में बतौर टीजीटी आर्ट्स तैनात हैं। उनकी पत्नी चंपा शर्मा भी इसी स्कूल में बतौर प्रवक्ता अर्थशास्त्र के रूप में सेवाएं दे रही हैं। दंपती ने बांटे पांच सौ मास्क
कोविड-19 की जंग में चंपा शर्मा ने घर में बैठकर जहां बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाया तो वहीं, शेष समय का प्रयोग फेस मास्क तैयार करने में किया। करीब पांच सौ मास्क चंपा शर्मा ने तैयार किए, जिन्हें इस दंपती ने अपनी गृह पंचायत के ग्रामीणों में वितरित किया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को करने होंगे प्रयास
चिराग का कहना है कि पांच सौ पौधे रोपित करने के साथ ही उनकी सुरक्षा का कार्य भी किया जाएगा, ताकि सभी पौधे पेड़ बन सकें। उन्होंने कहा कि जब तक सभी लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने स्तर पर कार्य नहीं करेंगे, तब तक इतने अच्छे परिणाम सामने नहीं आ सकते हैं जितने कि आने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने स्तर पर पौधारोपण का कार्य करते रहें ताकि इस धरती पर पेड़ों की कोई भी कमी न रहे। ऐसा करने पर हम पर्यावरण के साथ ही जीवन को बेहतर बना सकते हैं।