विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: सरकारी स्कूलों में गैस सिलिंडर संकट बना शिक्षकों के लिए नई मुसीबत; बच्चों के लिए मिड-डे मील बनाना मुश्किल

By Chamba Office Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 08 Sep 2026 06:46 AM (IST)

चंबा के तीसा उपमंडल के स्कूलों में रसोई गैस सिलिंडर की कमी से मिड-डे मील बनाना मुश्किल हो गया है। ...और पढ़ें

चंबा में तीसा के सरकारी स्कूल में हीटर पर खाना बनाकर बच्चों को परोसा गया।

चंबा में तीसा के सरकारी स्कूल में हीटर पर खाना बनाकर बच्चों को परोसा गया।

HighLights

  1. चंबा के तीसा स्कूलों में रसोई गैस सिलिंडर संकट।

  2. शिक्षक घरों से उपकरण लाकर बना रहे मिड-डे मील।

  3. बच्चों को सही से पका भोजन न मिलने की चिंता।

संवाद सहयोगी, चंबा। हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के तीसा उपमंडल के स्कूलों में रसोई गैस सिलिंडर का संकट छा गया है। सोमवार को कई स्कूलों में इंडक्शन तो कहीं पर हीटर से दोपहर का भोजन बनाया गया। कई स्कूलों में गैस सिलिंडर खाली होने से शिक्षकों को पढ़ाई से ज्यादा दोपहर के भोजन की चिंता सता रही है। 

उच्च अधिकारियों और सरकार की ओर से आदेश जारी कर हर दिन बच्चों को दोपहर के भोजन में क्या परोसा, उसकी रिपोर्ट मांगी जा रही है, लेकिन बिना रसोई गैस सिलिंडर के स्कूल में शिक्षक कैसे बच्चों को दोपहर का भोजन तैयार कर रहे हैं, इसकी किसी को परवाह नहीं है।

कई शिक्षक खुद के घर व आस पड़ोस से सिलिंडर ले जाकर दोपहर का भोजन बना रहे थे, लेकिन अब उनके भी सिलिंडर खत्म हो गए हैं, लिहाजा भोजन बनाने के लिए हीटर व इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। 

इंडक्शन व हीटर भी शिक्षकों को घरों से लाने पड़ रहे हैं। बिजली से चलने पर इंडक्शन व हीटर आदि पर खाना बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। खाना सही ढंग से पक नहीं रहा है, ऐसे में मजबूरन कच्चा पक्का खाना बच्चों को परोसना पड़ रहा है। 

सप्लाई में नहीं दिक्कत, शिक्षकों के मोबाइल नंबर ही नहीं लिंक 

खाद्य आपूर्ति विभाग चंबा के नियंत्रक कर्ण ने बताया कि सिलिंडर सप्लाई की कोई दिक्कत नहीं है। दिक्कत आधार लिंक मोबाइल नंबर की है। तीसा सहित कुछ क्षेत्रों में शिक्षकों के मोबाइल नंबर से घर के कनेक्शन लिंक हैं, लिहाजा एक नंबर पर दो कनेक्शन लिंक नहीं हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें किसी दूसरे नंबर यानी स्कूल के किसी भी स्टाफ सदस्य का नंबर लिंक करवाना होगा ताकि सिलेंडर समय पर रिफिल हो पाएं। इसके अलावा इस विषय पर बात की जाएगी ताकि जल्द समस्या का समाधान हो सके।

बिजली चलित यंत्रों पर सही ढंग से नहीं पक रहा खाना : संघ

प्राथमिक शिक्षक संघ तीसा के अध्यक्ष दुनी चंद शर्मा ने बताया कि तीसा में डेढ़ दर्जन के करीब स्कूलों में पिछले काफी समय से सिलिंडर खत्म हो गए हैं। इन स्कूलों में शिक्षक घर से सिलिंडर लाकर दोपहर का भोजन बना रहे हैं। इनमें से कुछ स्कूलों में शिक्षकों की ओर से लाए सिलिंडर भी खत्म हो गए हैं। लिहाजा अब हीटर व इंडक्शन पर दोपहर का भोजन बनाना पड़ रहा है ताकि बच्चे भूखे न रहे। लेकिन बिजली चलित यंत्रों पर खाना सही ढंग से नहीं पक पा रहा है। ऐसे में स्कूलों में खाली सिलेंडर रिफिल होना अति आवश्यक है।

खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों व संबंधित स्कूल के शिक्षकों से इस विषय को लेकर बात कर दिक्कत को दूर करने का समाधान निकाला जाएगा, ताकि बच्चों को दोपहर का भोजन बनाने में दिक्कत न आए।
-मनोहर लाल, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा चंबा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में कमर्शियल वाहनों की अब मिनटों में पासिंग, नहीं करना पड़ेगा इंतजार; मंडी में भी खुला आधुनिक फिटनेस सेंटर