मेडिकल कॉलेज में महिला के पेट से निकाली सात किलो की रसोली
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने एक महिला का रसोली का सफल ऑपरेशन किया है।
जागरण संवाददाता, चंबा : पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने एक महिला को रसोली की समस्या से निजात दिलवाई है। चिकित्सकों की टीम ने वीरवार को सफल ऑपरेशन कर सात किलो की रसोली निकाली। 50 वर्षीय महिला रेखा देवी को कुछ साल से रसोली की समस्या थी। महिला की जांच कर चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया। महिला का ऑपरेशन एनस्थीसिया स्पेशलिस्ट डॉ. केवल, डॉ. सुनील दत्त, डॉ. परवेज तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भास्कर, डॉ. अभिनव चड्ढा तथा ऑपरेशन थियेटर स्टाफ शैली, श्रुति, वंदना, दिव्यांशु, कमल कांत तथा भुवनेश्वर की टीम ने किया। रसोली का ऑपरेशन करवाने के लिए इससे पहले मरीजों को चंबा से बाहर पठानकोट या दिल्ली जाना पड़ता था। लेकिन अब चंबा में ही रसोली के ऑपरेशन से मरीजों को राहत मिलेगी।
चंबा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. पीके पुरी ने बताया कि चिकित्सकों की टीम ने महिला के पेट से सात किलो की रसोली ऑपरेशन कर निकाली है। कॉलेज प्रबंधन मरीजों को हरसंभव सुविधा प्रदान करने में जुटा हुआ है।