खजियार में लोगों को स्वस्थ रहने का तरीका बताया
लोगों को स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्वास्थ्य को बेहतर बनाए
संवाद सहयोगी, चंबा : लोगों को स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए लोग योग तथा व्यायाम कर सकते हैं। ऐसा करके वे तन से तो स्वस्थ होंगे ही, साथ ही मन से भी स्वस्थ होंगे। इसका लाभ उन्हें अपने जीवन को बेहतर दिशा में ले जाने के लिए मिलेगा।
यह बात एनवाईके स्वयंसेवी पुष्पा ने कही। नेहरू युवा केंद्र की ओर से चलाए जा रहे युवा मंडल विकास कार्यक्रम का समापन ग्राम पंचायत खजियार में किया गया। स्वयंसेवी ने नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा चलाए जा रहे पांच दिवसीय युवा मंडल विकास कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वस्थ रहने के साथ ही जल संरक्षण, पर्यावरण को बेहतर बनाने सहित अन्य विषयों पर जागरूक होकर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को कोरोना महामारी के खिलाफ भी जागरूक किया। साथ ही नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा चलाए जा रहे अन्य कार्यक्रमों जैसे आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ एवं हरित ग्राम अभियान, फिट इंडिया, नई एजुकेशन पॉलिसी, सुरक्षित दादा-दादी नाना-नानी अभियान, जल जागरण आदि के विषय में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में कुछ कार्यक्रम ऐसे भी हैं, जो पूरे साल चलेंगे। लोगों से आग्रह किया कि वे भी भागीदारी इन कार्यक्रमों को करवाने में सुनिश्चित करें और नेहरू युवा केंद्र का सहयोग करें। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खजियार की प्रधान पूजा देवी, उपप्रधान, वार्ड पंच खजियार, नव युवक मंडल वैंस्का के प्रधान रंजू, सचिव अनूप कुमार तथा सिद्ध बाबा कमेटी खजियार के प्रधान सुनील कुमार व चामुंडा यूथ क्लब के प्रधान नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।