सर्दियों में जरूर करें अखरोट का सेवन होंगे अनगिनत फायदे
health benefits of walnuts. सर्द मौसम में अखरोट का सेवन अत्यंत फायदेमंद होता है , अनगिनत गुणें के कारण इसे विटामिन का राजा भी कहा जाता है।
चंबा, मिथुन ठाकुर। सर्दी बढ़ने के साथ चंबा बाजार में अखरोट की बिक्री भी बढ़ने लगी है। बाजार से गर्मियों के मौसम में मिलने वाली अधिकतर चीजें गायब हो गई हैं। इन दिनों चंबा बाजार में करियाने सहित सब्जियों की दुकानों पर अखरोट ने दस्तक दे दी है। यही नहीं कुछ लोग दुकानों के बाहर भी अखरोट बेच रहे हैं।
सर्दियों में शरीर को गर्मी की आवश्यकता होती है और अखरोट शरीर में गर्मी और ऊर्जा बनाए रखने के लिए सबसे बढ़िया है। इसकी तासीर गर्म होने के कारण सर्दियों में इसका सेवन शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है। यही कारण है कि लोग सर्दियों में अखरोट खाना पसंद करते हैं। चंबा-पठानकोट एनएच पर तड़ोली के समीप ट्राइबल मार्ट चला रहे सेवा संस्था के अध्यक्ष डॉ. हरीश शर्मा का कहना है कि इन दिनों पांगी घाटी के स्वयं सहायता समूह सहित अन्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा अखरोट की सप्लाई की जा रही है। अखरोट की सर्दियों में काफी अधिक डिमांड रहती है, जिसको ध्यान में रखते हुए यहां पर इनकी सप्लाई आती है। अखरोट की कीमत की बात करें तो उनकी क्वालिटी को ध्यान में रखकर इसे तय किया जाता है। इनके दाम 150 से 400 रुपये प्रति किलो तक रहते हैं।
इनका सीजन करीब अप्रैल माह तक चलता है। ट्राइबल मार्ट की तरह ही चंबा बाजार में भी इन दिनों अखरोट की काफी अधिक डिमांड है। जिला चंबा के भी विभिन्न स्थानों पर अखरोट की खेती की जाती है। भरमौर, होली, तीसा, सलूणी, पांगी तथा अन्य स्थानों पर अखरोट पाया जाता है। सर्दियों के मौसम में अखरोट न केवल अमीरों, बल्कि गरीब परिवार से संबंध रखने वाले परिवारों के घरों में भी मिल जाता है।
हृदय रोगों व डायबिटीज के लिए फायदेमंद
मेडिकल कॉलेज चंबा में बतौर एमडी तैनात डॉ. संजय का कहना है कि अखरोट हृदय रोगों के जोखिम को कम करता है। इसका सेवन करने से अच्छी नींद आती है, इसको खाने से डायबटीज टाइप-दो से आराम मिलता है। इसके अलावा डिप्रेशन से राहत, मजबूत पाचन तंत्र, दिमाग के लिए अच्छा होता है। अखरोट कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम कर सकता है। खतरनाक बीमारी से लड़ने में मदद करता है। हड्डियों की अच्छी स्थिति बनाए रखने में मदद करता है। अखरोट प्रोटीन, फाइबर, बी विटामिन और खनिज जैसे लोहा, मैग्नीशियम, फास्फोरस, तांबे का एक उत्कृष्ट स्रोत है।
क्यों खाना चाहिए अखरोट
कई सारे विटामिन होने के कारण इसको विटामिन का राजा भी कहा जाता है। इसे बालों और त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। साथ ही लोग इसे वजन घटाने, अच्छी नींद लेने, दिल से संबंधित समस्याओं को दूर करने, डायबिटीज, डिप्रेशन से राहत पाने, दिमाग तेज करने सहित अन्य कारणों से भी खाना पसंद करते हैं। जहां अखरोट के कई सारे स्वास्थ्य लाभ होते हैं, वहीं इसका स्वाद भी लाजवाब होता है।