जिलेभर में धूमधाम से मनाई गुरु नानक देव जयंती
सिंह सभा बकलोह की ओर से गुरु नानक जयंती पर सोमवार सुबह पांच बजे प्रभातफेरी निकाली गई।
संवाद सहयोगी, बकलोह : सिंह सभा बकलोह की ओर से गुरु नानक जयंती पर सोमवार सुबह पांच बजे प्रभातफेरी निकाली गई। अगुआई बकलोह गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान तिलोक सिंह ने की। इसके बाद गुरुद्वारा में शबद कीर्तन किया गया। दोपहर 12 बजे निशान चढ़ाया गया। इसके बाद कोरोना नियमों को ध्यान में रखते हुए छोटा सा लंगर लगाया।
तिलोक सिंह ने कहा 30 नवंबर के दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। सिख धर्म में इस दिन का खास महत्व होता है। इस खास दिन को गुरु पर्व या प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है। गुरु नानक जयंती के दिन सभी गुरुद्वारों को दीयों और लाइटों से सजाया जाता है। गुरु नानक देव जी को सिख धर्म का प्रथम गुरु माना जाता है और सिख धर्म की स्थापना गुरु नानक देव जी ने ही की थी।
-------------
साच के कपाड़ी में आयोजन
संवाद सहयोगी, चंबा : चंबा शहर के साथ लगती साच पंचायत के कपाड़ी में गुरु नानक जयंती पर्व को लेकर संगत में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पंचायत के कपाड़ी स्थित गुरुद्वारे में कोविड-19 नियमों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह गुरुद्धारे में पूजा पाठ का आयोजन किया गया जिसके बाद दोपहर को लंगर का आयोजन भी किया गया। गुरुद्वारे में संगत ने पंक्तिबद्ध होकर लंगर ग्रहण किया। सिख पंथ के प्रसिद्ध रागियों और बुद्धिजीवियों ने कीर्तन व कथा से गुरुनानक देव जी के जीवन पर प्रकाश डाला।