चंबा में 4 महीने बाद पलटा पंचायत चुनाव का नतीजा, दोबारा हुई मतगणना में भारती ठाकुर 44 वोट से विजयी
सलूणी की ठाकरी मट्टी पंचायत में चार महीने बाद प्रधान पद का चुनाव परिणाम पलट गया है। पुनर्मतगणना में भारती ठाकुर 44 वोटों से विजयी घोषित हुईं।

चंबा में 4 महीने बाद पलटा पंचायत चुनाव का नतीजा। सांकेतिक फोटो
HighLights
ठाकरी मट्टी पंचायत चुनाव परिणाम चार महीने बाद बदला।
पुनर्मतगणना में भारती ठाकुर 44 मतों से विजयी घोषित।
संतोष कुमारी ने प्रक्रिया पर सवाल उठाकर हाईकोर्ट जाने की बात कही।
संवाद सहयोगी, सलूणी। सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का चुनाव परिणाम करीब चार महीने बाद पलट गया है। चुनाव के बाद घोषित परिणाम में विजेता रही संतोष कुमारी अब रिकाउंटिंग में पीछे रह गईं, जबकि पहले दूसरे स्थान पर रही भारती ठाकुर को 44 मतों से विजेता घोषित किया गया है।
चुनाव परिणाम में हुए इस बड़े बदलाव के बाद पंचायत की सियासत भी चर्चा में आ गई है। वहीं, पहले विजेता घोषित हुई संतोष कुमारी ने रिकाउंटिंग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले को हाई कोर्ट ले जाने की बात कही है। इस तरह ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का परिणाम करीब चार महीने बाद बदल गया है। अब मामले में आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई और न्यायालय की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।
दोबारा मतगणना में भारती को 601, संतोष को 557 वोट
सलूणी के बीडीओ कंवर सिंह के अनुसार एसडीएम के निर्देश पर उनकी मौजूदगी में दोबारा मतगणना करवाई गई। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। इसमें सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई को शामिल किया गया था। रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर को 601 वोट, जबकि संतोष कुमारी को 557 वोट मिले। इस तरह भारती ठाकुर 44 वोट से आगे रहीं और उन्हें ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया।
26 मई को संतोष कुमारी बनी थीं विजेता
26 मई को पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद संतोष कुमारी को 597 वोट मिले थे, जबकि भारती ठाकुर के खाते में 561 वोट आए थे। उस समय संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था और भारती ठाकुर दूसरे स्थान पर रही थीं। उस मतगणना में पांच वोट अवैध और चार वोट नोटा के भी दर्ज किए गए थे।
चुनाव याचिका के बाद खुला दोबारा मतगणना का रास्ता
चुनाव परिणाम से असंतुष्ट भारती ठाकुर ने एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई के बाद एसडीएम ने दोबारा मतगणना करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकाउंटिंग करवाई गई, जिसमें परिणाम पूरी तरह बदल गया।
भारती बोलीं 36 वोट से हार दिखाया था, अब 44 से जीती
नवनिर्वाचित प्रधान भारती ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें 36 वोट से हारा हुआ दर्शाया गया था। इसके बाद उन्होंने एक माह के भीतर एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दायर की। उन्होंने कहा कि दोबारा मतगणना में उन्हें 44 वोट से विजेता घोषित किया गया है।
संतोष ने रिकाउंटिंग पर उठाए सवाल
वहीं, पहले विजेता घोषित हुईं संतोष कुमारी ने दोबारा मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रिकाउंटिंग के दिन वह स्वयं मौके पर मौजूद नहीं थीं और न ही उनकी ओर से कोई प्रतिनिधि वहां मौजूद था। उन्होंने प्रक्रिया को लेकर संदेह जताते हुए कहा कि वह अपने पक्ष के लिए हाई कोर्ट का रुख करेंगी।
