देह व्यापार मामले में सास-बहू को तीन दिन का पुलिस रिमांड
सुल्तानपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़ होने के बाद आरोपित सास-बहू को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जागरण संवाददाता, चंबा : सुल्तानपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़ होने के बाद आरोपित सास-बहू को जिला न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। साथ ही तीन अन्य महिलाओं के अदालत में बयान दर्ज किए हैं। आरोपित एक महिला नगर परिषद चंबा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, जिस पर अब निलंबन की तलवार भी लटक गई है।
पुलिस थाना सदर की टीम ने जिला मुख्यालय के निकटवर्ती सुल्तानपुर कस्बे के एक मोहल्ले में शुक्रवार को देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था। यहां दो महिला दलालों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से तीन अन्य महिलाओं को सास-बहू के चंगुल से बचाया था। आरोपित सास और बहू अपने ही मकान से देह व्यापार कर रही थीं।
सूत्रों की मानें तो तीन महिलाओं ने बताया कि वे आरोपित महिलाओं के मकान में किराये पर रहती थीं। इस पर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था। ऐसा न करने पर उन्हें कमरा छोड़ने की धमकी दी जाती थी।
एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि दोनों आरोपित महिलाओं समेत तीन अन्य महिलाओं को शनिवार शाम को जिला न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान न्यायालय ने आरोपित सास-बहू को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, जिन्हें अब 20 अगस्त को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
वहीं, नगर परिषद कार्यकारी ईओ जगदीश चंद का कहना है कि इस बारे में उन्हें पुलिस से कोई सूचना नहीं मिली है। चूंकि दो दिन से अवकाश था। लिहाजा इससे संबंधित सूचना मिलने पर आरोपित महिला के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।