आठ दिन बाद बहाल हुआ चंबा-खजियार मार्ग
चंबा-खजियार मार्ग आठ दिन बाद यातायात के लिए बहाल हो गया है।
संवाद सूत्र, खजियार : चंबा-खजियार मार्ग आठ दिन बाद वीरवार को लोक निर्माण विभाग ने यातायात के लिए बहाल कर दिया है। मार्ग बंद होने से पर्यटक खजियार नहीं पहुंच पा रहे थे, क्योंकि कैलाश दर्शन मोड़ के पास बारिश-बर्फबारी के कारण भूस्खलन हो गया था, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके अलावा दर्जनों देवदार के पेड़ सड़क पर गिरे थे। लोग बड़ी मुश्किल से मार्ग पर पैदल आवाजाही कर पा रहे थे। विभाग ने दो जेसीबी लगाकर सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया। कैलाश दर्शन मोड़ के पास रास्ते पर गिरी चट्टानों और मलबे को जेसीबी से हटा दिया गया है। सड़क यातायात के लिए बहाल होने पर खजियार के होटल कारोबारियोंने भी राहत की सांस ली है। मार्ग बंद होने से खजियार में पर्यटक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसकी वजह से उनका धंधा भी मंदा हो गया था। इतना ही नहीं, स्थानीय लोग भी मार्ग बंद होने से मायूस हो गए थे क्योंकि उनका व्यवसाय मुख्य रूप से पर्यटन पर ही निर्भर है। अब पर्यटक वाया चंबा होकर खजियार पहुंच पाएंगे। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने बताया कि चंबा-खजियार मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।