विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंबा में पहाड़ दरका, पलक झपकते ही ध्वस्त हो गया लोहे का पुल; भयानक वीडियो आया सामने

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 07 Apr 2026 11:25 AM (IST)Updated: Tue, 07 Apr 2026 12:05 PM (IST)

चंबा के होली क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सियुर पुल ध्वस्त हो गया। मंगलवार सुबह हुए ...और पढ़ें

HighLights

  1. चंबा के होली में निर्माणाधीन सियुर पुल ढहा।

  2. भारी बारिश और भूस्खलन बना पुल ढहने का कारण।

  3. कोई जनहानि नहीं, प्रशासन ने जांच के आदेश दिए।

संवाद सहयोगी, होली (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक पुल भूस्खलन की चपेट में आकर टूट गया। भरमौर उपमंडल के होली क्षेत्र में मंगलवार को लगातार बारिश और भारी भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सियुर पुल ध्वस्त हो गया और सीधे रावी नदी में समा गया। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल का कार्य अंतिम चरण में था, इस बीच भूस्खलन की चपेट में आकर यह टूट गया।

Chamba Bridge Damage 9

गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई मजदूर या आम व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 7:48 बजे तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे गिरा, जिसने निर्माण स्थल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पुल का ढांचा भरभराकर गिर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 

Chamba Bridge Damage 10

कई गांवों के लिए होनी थी आवाजाही

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिससे पहाड़ियां कमजोर हो चुकी थीं। इस पुल का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था, क्योंकि इसके बन जाने से कई गांवों की आवाजाही आसान होनी थी। लेकिन इस घटना के बाद एक बार फिर निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Chamba Bridge Damage 11

प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही, क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। फिलहाल, पुल ध्वस्त होने से स्थानीय संपर्क मार्ग प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।

अभी लकड़ी के पुल से आवाजाही

यहां अभी एक लकड़ी का पुल है, इसी से लोग आवाजाही करते थे। छोटे वाहन भी इस पुल से गुजरते हैं। अब लोक निर्माण विभाग की ओर से लोहे का पुल बनाया जा रहा था, जो भूस्खलन की चपेट में आ गया।

क्या कहते हैं अधिकारी

भारी भूस्खलन और लगातार बारिश के चलते निर्माणाधीन सियुर पुल ध्वस्त हो गया। राहत की बात है कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई। विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर लिया गया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। शीघ्र ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
-भाल सिंह, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी पड़ेगा मौसम, 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी; भारी ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी