परेल में भूस्खलन से एक घंटे तक थमी एनएच पर वाहनों की रफ्तार
चंबा-पठानकोट मार्ग पर परेल के पास भूस्खलन होने से एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
संवाद सहयोगी, चंबा : चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेल के समीप वीरवार को भूस्खलन होने के कारण एक घंटे के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए ठप रही। इसके चलते यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। 11 से 12 बजे तक पहाड़ी से पत्थर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। इस कारण चंबा और पठानकोट की तरफ छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लग गई। यात्रियों ने इस बारे में राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को बहाल किया। पिछले दिनों से हो रही बारिश के कारण मार्ग पर जगह-जगह पत्थर व मलबा गिर रहा है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण चंबा के अधिशाषी अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया ने बताया मार्ग के बंद होने की सूचना पर तुरंत कर्मचारियों को भेज वाहनों की आवाजाही सुचारू करवा दी गई थी।