विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंबा के पांच स्कूलों को मिली अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, सांसद हर्ष महाजन ने किया लोकार्पण

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:54 AM (IST)

चंबा जिले के पांच सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक स्मार्ट कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया है। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने इनका लोकार्पण किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनेड़ में आयोजित समारोह में राज्यसभा सांसद ने काटा रिबन

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनेड़ में आयोजित समारोह में राज्यसभा सांसद ने काटा रिबन

HighLights

  1. चंबा के पांच स्कूलों में स्मार्ट लैब शुरू।

  2. सांसद हर्ष महाजन ने किया लैब का लोकार्पण।

  3. ग्रामीण छात्रों को मिलेगी आधुनिक डिजिटल शिक्षा।

संवाद सहयोगी, चंबा। चंबा जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को तकनीकी और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला के पांच सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को अत्याधुनिक स्मार्ट कंप्यूटर लैब की सौगात मिली है। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनेड़, कोलका, राजनगर, मैहला और करियां शामिल हैं।

मंगलवार को चनेड़ स्कूल परिसर में आयोजित एक समारोह के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने इन सभी स्मार्ट कंप्यूटर लैब का विधिवत लोकार्पण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि आज का युग सूचना एवं प्रौद्योगिकी का युग है। ऐसे दौर में दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा और इंटरनेट की सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि इन स्मार्ट लैब की स्थापना से न केवल छात्र-छात्राओं की कंप्यूटर दक्षता में सुधार होगा, बल्कि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए भी खुद को तैयार कर सकेंगे।

स्मार्ट कंप्यूटर लैब स्थापित होने से चनेड़, कोलका, राजनगर, मैहला और करियां स्कूलों में पढ़ने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब छात्र किताबी ज्ञान के अलावा प्रैक्टिकल कोडिंग, बेसिक सॉफ्टवेयर, इंटरनेट रिसर्च और आनलाइन शैक्षणिक सामग्री का आसानी से उपयोग कर सकेंगे। इससे ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच का डिजिटल अंतर पाटने में मदद मिलेगी।

महाजन ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें आधुनिक संसाधन और सही मंच उपलब्ध कराने की है। चंबा के पांच स्कूलों में स्मार्ट कंप्यूटर लैब शुरू होने से ग्रामीण बच्चे तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकेंगे। आने वाले समय में 20 और स्कूलों को इस सुविधा से लैस किया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी मेधावी छात्र डिजिटल युग की दौड़ में पीछे न छूटे।