Chamba News: छह करोड़ से बदलेगा चंबा शहर का पेयजल सप्लाई सिस्टम, जंग खा चुकी पाइपों को भी बदलने का होगा काम
Chamba News जल शक्ति विभाग शहर के लोगों को स्वच्छ और नियमित पानी की आपूर्ति देने की योजना बना चुका है। चंबा शहर की 20 हजार से अधिक आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शहर की गलियों में पेयजल पाइप काफी समय पहले बिछाए गए थे।
चंबा, जागरण संवाददाता। चंबा शहर में करीब छह करोड़ रुपये से पेयजल सप्लाई सिस्टम को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इसमें करीब सात किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन बदलने के साथ ही शहर में स्थित पाइपों को भी बदला जाएगा। गंदी नालियों में दबी पेयजल पाइपों को भी वहां से निकाल कर सुरक्षित तरीके से बिछाया जाएगा। साथ ही जंग खा चुकी पाइपों को बदलने का कार्य भी किया जाएगा।
जल शक्ति विभाग शहर के लोगों को स्वच्छ और नियमित पानी की आपूर्ति देने की योजना बना चुका है। चंबा शहर की 20 हजार से अधिक आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शहर की गलियों में पेयजल पाइप काफी समय पहले बिछाए गए थे। एक लाइन से दर्जनों घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। कनेक्शन देने का क्रम आज भी जारी है। इससे कई बार लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति कम और ज्यादा भी हो जाती है। इसको लेकर शहरवासी विभाग में अपनी शिकायतें भी करते रहते हैं।
इसी समस्या का समाधान करने के लिए विभाग ने डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी थी, जिसकी अनुमति मिलने के बाद विभाग ने टेंडर सहित तमाम औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू करवा दिया है। गौरतलब है कि चंबा शहर के दायरे में 11 वार्ड आते हैं। यहां पेयजल आपूर्ति सिस्टम को बदला जाएगा। विभाग की ओर से करीब डेढ़ साल में पाइपें बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
सरौथा नाला में भी बदली जा रही पाइप
सरौथा नाला में अब भूस्खलन होने से पाइपलाइन के फटने की आशंका न के बराबर रहेगी। जल शक्ति विभाग की ओर से पाइप लाइन जमीन में काफी नीचे तक बिछाने का कार्य बुधवार शाम से शुरू कर दिया गया था, जो कि वीरवार को पूरा दिनभर चलता रहा।
अधिकारियों ने कही ये बात
कार्य पूरा होने के बाद यहां पर पेयजल पाइपलाइन फटने की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी। चंबा शहर के सभी वार्डो में बेहतर पानी की सुविधा के लिए जल शक्ति विभाग से आग्रह किया था। जिसके बाद उक्त योजना तैयार की गई है। इस योजना से चंबा शहर को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी। नीलम नैय्यर, अध्यक्ष नप चंबा।
चंबा शहर में बेहतर पेयजल योजना को लेकर कार्य जल्द शुरू करने के जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए गए थे। पुरानी पाइपों के बदले जाने से लोगों को पेयजल से संबंधित दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। नीरज नैय्यर, विधायक चंबा सदर।
चंबा शहर में पेयजल आपूर्ति सिस्टम को बदलने के लिए छह करोड़ की योजना बनाई गई है। पुरानी पाइपों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस योजना से शहर के लोगों को पानी की कोई भी कमी नहीं आएगी।राजेंद्र ठाकुर, अधीशाषी अभियंता जलशक्ति विभाग चंबा