विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: चंबा के भरमौर में 250 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, दो युवकों की मौत

Published: Fri, 11 Sep 2026 10:11 AM (IST)

चंबा के भरमौर में पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बोलेरो वाहन 200-250 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

भरमौर के दिनका में बोलेरो 250 मीटर गहरी खाई में गिरी (जागरण फोटो)

भरमौर के दिनका में बोलेरो 250 मीटर गहरी खाई में गिरी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. भरमौर में बोलेरो वाहन 250 मीटर गहरी खाई में गिरा।

  2. हादसे में रविंद्र शर्मा और विशाल कुमार की मौके पर मौत।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, शव पोस्टमार्टम हेतु।

जागरण संवाददाता, चंबा। भरमौर में पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनका के समीप वीरवार देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान भरमौर निवासी रविंद्र कुमार शर्मा और गोसण गांव निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बोलेरो वाहन में तेल भरवाने के लिए लाहल स्थित पेट्रोल पंप गए हुए थे।

पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद जब वे वापस भरमौर की ओर लौट रहे थे, तो देर रात दिनका स्थित काली मंदिर के समीप चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़कती चली गई।

दोनों युवकों ने मौके पर ही तोड़ा दम

हादसा इतना जोरदार था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की आवाज और सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय ग्रामीणों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।

रात के अंधेरे और दुर्गम ढलान के बीच कड़ी मशक्कत के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया।

दिनका के पास बोलेरो के खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भरमौर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिए जाएंगे। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
विजय कुमार सकलानी, एसपी चंबा।