कांदू के पास बोलेरो खाई में गिरी, चार गंभीर घायल
चंबा/चनेड़ : चंबा-पठानकोट एनएच पर शनिवार देर रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
जागरण टीम, चंबा/चनेड़ : चंबा-पठानकोट एनएच पर शनिवार देर रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिस कारण उसमें सवार चार लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती करवाया गया है। घायलों में अर¨वद कुमार (22) पुत्र चमन ¨सह निवासी गांव करोड़ी डाकघर पुखरी, मनीष कुमार (26) पुत्र स्व. हेमराज निवासी गांव सरोल, अर्पित (27) पुत्र कुलदीप निवासी धर्मशाला जिला कांगड़ा तथा अनूप कुमार (25) पुत्र प्रकाश चंद निवासी राजनगर चंबा शनिवार रात बोलेरो नंबर एचपी-37डी-6679 में सवार होकर चंबा की ओर आ रहे थे। जब वह देर रात करीब दो बजे कांदू के पास पहुंचे तो अचानक चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिस कारण गाड़ी लगभग दो सौ फीट गहरी खाई में लुढ़क गई। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों ने गाड़ी को नीचे लुढ़कते हुए देखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही उन्होंने गाड़ी को नीचे गिरते देखा तो उनकी सांसें अटक गई। पहले तो लगा कि गाड़ी में शायद की कोई सवार बचे। लेकिन, गाड़ी के गिरने के बाद घायल जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इसके बाद लोगों की जान में जान आई। इसके उपरांत लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस व अग्निशमन केंद्र चंबा को दी तथा स्वयं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वे लोगों की मदद से गाड़ी तक पहुंचे तथा वहां फंसे सवारों को निकाला गया। इसके उपरांत उन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया गया। जहां से 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया।
वहीं, पुलिस ने चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुट गई है।
----------
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर गई थी। लोगों की मदद से घायलों को निकाला गया है। घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डॉ. मोनिका, एसपी चंबा।