लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता
नगर परिषद डलहौजी के वार्ड नंबर एक में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : नगर परिषद डलहौजी के वार्ड नंबर एक में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठित रहने का पाठ पढ़ाया, वहीं अपने कई अनुभव भी सांझा किए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कभी भी उनसे बिना संकोच मिल सकते हैं। जिला में संगठन को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए हमें मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर चंबा से लेह की तरफ फोरलेन का निर्माण होता है तो लेह तक जाने के लिए दूरी काफी कम हो जाएगी। फोरलेन बनने के बाद इस क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से भी काफी उन्नति होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस लेने व भाजपा की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। डलहौजी टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज को सौंपा। प्रदेश पर्यटन विकास निगम के पूर्व निदेशक आशीष चड्ढा ने प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। इस मौके पर भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष विक्रम जरयाल, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष चतर सेन, पूर्व पार्षद अमर चंद सहित हरीश महाजन, राजेश कुमार मौजूद रहे।