लोकसभा चुनावों के लिए अभी से डट जाएं कार्यकर्ता
भाजपा मंडल चुराह की चुराह में चल रही दो दिवसीय आवासीय बैठक बुधवार को संपन्न हो गई। इसकी अध्यक्षता हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री एवं कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सह-प्रभारी संजीव कटवाल ने की।
संवाद सूत्र, भंजराड़ू : भाजपा मंडल चुराह की दो दिवसीय आवासीय बैठक बुधवार को संपन्न हो गई। बैठक की अध्यक्षता हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री एवं कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सहप्रभारी संजीव कटवाल ने की। उन्होंने उपस्थित मंडल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के लिए अभी से डट जाने का आग्रह किया। साथ ही जीत सुनिश्चित करने के सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल चुराह स्थानीय विधायक, प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं। संजीव ने हिमाचल सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का भी बखान किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की जानकारी दी। बताया कि बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्ति की आयु सीमा 80 से घटाकर 70 वर्ष की गई है। इस निर्णय से इस आयु वर्ग के लगभग एक लाख 30 हजार वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित होंगे। केंद्र सरकार ने दवाएं तथा ऑपरेशन भी सस्ते किए हैं। इसके अलावा उन्होंने गृहणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना तथा केंद्र सरकार की जनधन योजना, मुद्रा योजना, आयुषमान भारत आदि के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष एवं चुराह विधायक हंसराज ने भी बैठक में आए कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कार्य करने के लिए जुट जाने को कहा। इस अवसर पर भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।