नालों में मलबा, रास्ते खस्ताहाल
नगर पंचायत चुवाड़ी के वार्ड तीन की समस्याएं सुलझती हुई नजर नही आ रही हैं।
संवाद सहयोगी, चुवाड़ी : नगर पंचायत चुवाड़ी के वार्ड तीन की समस्याएं सुलझती हुई नजर नहीं आ रही हैं। आलम यह है कि बरसाती नाले मलबे से भरे हुए हैं। यदि भारी बारिश होती है तो नाले लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। इसके अलावा कई जगह रास्ते की हालत दयनीय है।
चुवाड़ी से जंगला की ओर जाने वाले पैदल रास्ते की भी सुध नहीं ली जा रही है। खस्ताहाल रास्तों के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस रास्ते के किनारे निकास नाली बनाई गई है जिस पर जाले लगाना नगर पंचायत भूल गई है। ऐसे में यहां पर राहगीरों के साथ कभी भी हादसा हो सकता है। इस स्थान के समीप पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर भी है जिसमें विशेष बच्चे रहते हैं। ये बच्चे भी इसी रास्ते का इस्तेमाल आवाजाही के लिए करते हैं। वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। यही कारण है कि नाले में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालों के किनारे लगाए गए डंगे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर कूड़ा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में स्थानीय लोगों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लोगों ने नगर पंचायत चुवाड़ी से मांग की है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए ताकि उन्हें दिक्कत का सामना न करना पड़े। ये हैं मुख्य समस्याएं
-कूड़ा-कचरा उठाने की नहीं व्यवस्था।
-रास्तों की दयनीय हालत।
-निकास नालियों पर सुरक्षा के नहीं इंतजाम।
-नाले मलबे से भरे।
यह है समाधान
-कूड़े की समस्या से दिलाई जाए निजात।
-रास्तों को बेहतर बनाया जाए।
-निकास नालियों पर जाले लगाए जाएं।
-मलबे से भरे नाले साफ करवाए जाएं। क्या कहते हैं स्थानीय लोग
वार्ड में सफाई व्यवस्था की हालत सही नहीं है। यहां पर हर घर से कूड़ा कचरा उठाने की व्यवस्था होनी चाहिए। नियमित रूप से सफाई कर्मचारी आएं। नालों व गलियों में गंदगी को साफ किया जाए।
कुलभूषण धीमान पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर के साथ नाले के किनारे बने रास्ते में जो स्लैब डाले हैं, उनके छेद खुले हैं। इस कारण विशेष बच्चों व बुजुर्गों सहित अन्य लोगों के साथ कभी भी हादसा हो सकता है।
अजय चंबियाल वार्ड में सफाई व्यवस्था दयनीय है। नालों में मलबा भरा रहता है। वार्ड के लोगों ने अभी तक कोई सफाई कर्मचारी नहीं देखे हैं। सफाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए।
मनोहर धीमान
वार्ड में रास्तों से कांग्रेस घास को साफ किया जाए। कांग्रेस घास काफी बड़ी होने के कारण कई हादसे हो चुके हैं। हाल ही में एक गाड़ी भी यहां गड्ढे में फंस गई थी।
अनिल धीमान गलियों व नालियों में सफाई व्यवस्था सही नहीं है। सफाई व्यवस्था को सही किया जाए। नियमित तौर पर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।
विनोद धीमान
---------
वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाएगी। आजकल सीवरेज का काम चला हुआ है जिस कारण कुछ कार्यों को लंबित किया गया है। सीवरेज प्रणाली बन जाने के बाद इनका नवीनीकरण होगा। रास्तों व नालों का कार्य रुका हुआ है। अंबेडकर भवन का मरम्मत कार्य 18 लाख रुपये से किया गया है। इसमें चारदीवारी, शौचालय का निर्माण व 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मुहैया करवाए गए हैं।
सुदेश धीमान, उपाध्यक्ष, नगर पंचायत चुवाड़ी।