80 रूटों पर सरकारी, 107 पर दौड़ीं निजी बसें
संवाद सहयोगी चंबा कोविड-19 महामारी के बीच सरकार के द्वारा विशेष छूट के बाद चंबा में
संवाद सहयोगी, चंबा : कोविड-19 महामारी के बीच सरकार के द्वारा विशेष छूट के बाद चंबा में बंद पड़े बसों के रूट शुरू किए गए हैं। बीते चार दिनों में चंबा में एचआरटीसी (हिमाचल पथ परिवहन निगम) ने एक साथ 20 रूट शुरू किए गए हैं जिसके बाद अब चंबा में 80 रूटों पर बसों की आवाजाही शुरू हो गई है।
इससे पूर्व चंबा में करीब 60 रूटों पर बसें चल रही थी। स्थानीय व प्रदेश के बाहर चंडीगढ़, हरिद्वार, दिल्ली के रूट बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है। परिवहन निगम ने बंद पड़े पुराने रूट पर बसों को चलाया है। सरकार के नए आदेश के बाद निजी बसें भी रूटों पर चल पड़ी हैं। निजी परिवहन संघ ने 80 प्रतिशत बसों को चलाने का फैसला लिया है, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
निजी परिवहन संघ ने चंबा में 107 बसों को विभिन्न रूटों पर चलाने का फैसला लिया है। इस बारे में संघ ने सभी बस ऑपरेटर को जानकारी दे दी है, ताकि जिन रूटों पर बसें नहीं चल रही थी, वहां बसों को चलाकर लोगों की परेशानी को दूर किया जाए। निजी बस ऑपरेटरों ने गाड़ियों को रूटों पर दौड़ा दिया। हालांकि अभी भी निजी परिवहन संघ की 34 बसें नहीं चली हैं। बस संचालकों को आदेश दिया है कि सरकार के दिशानिर्देश के अनुसार रूट पर बसों को चलाएं, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
त्योहारी सीजन के चलते रूटों पर बसें चलाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। इन दिनों नवरात्र में पूजा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में बसों की आवाजाही बढ़ने से लोगों ने राहत की सांस ली है। बसें न चलने से कई ऐसे क्षेत्र थे जहां लोगों को सिर्फ टैक्सी का ही सहारा करना पड़ता था। आने वाले समय में निगम व निजी बसों को अधिक रुटों पर चलाने का फैसला किया जाएगा, जिससे एक बार फिर से व्यवस्था पटरी पर लौटेगी।
...........
सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला में 107 बसों को चलाने का निर्णय लिया है। इस बारे में सभी बस ऑपरेटर को जानकारी दे दी गई है। बाकी बची बसों को भी जल्द ही चलाया जाएगा।
-रवि महाजन, अध्यक्ष निजी परिवहन संघ चंबा
.............
चंबा में मौजूदा समय में 120 में से 80 रूटों पर बसों को चलाया गया है, ताकि लोगों को आवाजाही के दौरान दिक्कत का सामना न करना पड़े। आने वाले समय में जल्द ही अन्य रूटों पर भी बसों को चलाया जाएगा।
-राज कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा