विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल को केंद्र की बड़ी सौगात, पठानकोट-भरमौर NH पर बनेंगी 6 सुरंगें और पांगी के लिए 5 टनल; 12 महीने रहेगी कनेक्टिविटी

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:08 PM (IST)

मैहला में भाजपा की जनसभा में हर्ष महाजन ने चंबा के लिए केंद्र की विकास योजनाओं का ब्योरा दिया, जिसमें ...और पढ़ें

चंबा में बनेंगी पांच और टनल (फाइल फोटो)

चंबा में बनेंगी पांच और टनल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पठानकोट-भरमौर एनएच पर बनेंगी छह सुरंगें और फ्लाईओवर

  2. पांगी को 12 महीने जोड़ने के लिए पांच सुरंगें स्वीकृत

  3. रवि नदी से बचाव को 6.70 करोड़ रुपये के डंगे

संवाद सहयोगी, मैहला। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामलीला मैदान लिल्ह में आयोजित जनसभा में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए चंबा के लिए केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत बड़ी विकास योजनाओं का ब्योरा रखा।

सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि प्रदेश में चल रही तमाम बड़ी विकास योजनाएं केंद्र की मोदी सरकार की देन हैं, जबकि राज्य सरकार केवल केंद्र को कोसने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पठानकोट-भरमौर मार्ग को एनएचएआई में शामिल करवाना प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम है। आगामी दो महीनों में इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण कार्य अत्यधिक गति पकड़ेगा, जिसमें छोटे फ्लाईओवर और 6 सुरंगों का निर्माण किया जाएगा।

12 महीने रहेगी कनेक्टिविटी

इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र पांगी को साल के 12 महीने देश-दुनिया से जोड़े रखने के लिए 5 सुरंगों के निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है, जिसकी देखरेख बीआरओ करेगा।

महाजन ने बताया कि बरसात में लोथल से लेकर करियां तक रावी नदी के जलस्तर से होने वाले नुकसान की रोकथाम के लिए उन्होंने 6 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि से कंक्रीट डंगे लगाने की स्वीकृति दिलवाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की ऊर्जा समिति का सदस्य होने के नाते चंबा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

इस मौके पर भरमौर के विधायक डा. जनक राज, चुराह के विधायक डा. हंस राज, जिला प्रभारी डा. विपिन सिंह परमार, जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल, त्रिलोचन महादेव मंडल अध्यक्ष पवन भारद्वाज, अंग्रेज कपूर और विनोद ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

जयराम के उठते ही बिजली गुल, सरकार पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर संबोधन के लिए माइक पर पहुंचे, अचानक बिजली गुल हो गई और माइक बंद हो गए। इससे गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी।

करीब पांच मिनट बाद बिजली बहाल होने पर जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग ओछी राजनीति और घटियापन पर उतर आए हैं।