महाराष्ट्र से चंबा पहुंचे 26 लोग, बनीखेत में किए क्वारंटाइन
देश के विभिन्न राज्यों में फंसे जिला चंबा के लोगों का वापस आने का क्रम जारी है।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : देश के विभिन्न राज्यों में फंसे जिला चंबा के लोगों का वापस आने का क्रम जारी है। रविवार को महाराष्ट्र से 26 लोग चंबा में पहुंचे। उक्त लोगों में 17 पुरुष, छह महिलाएं व तीन बच्चे (दो लड़कियां व एक लड़का) शामिल हैं। ये लोग महाराष्ट्र से ट्रेन के माध्यम से रविवार तड़के पठानकोट पहुंचे थे। वहां से दोपहर को बस के माध्यम से चंबा जिला के प्रवेशद्वार कटोरी बंगला पहुंचे। कटोरी बंगला में स्वास्थ्य विभाग ने उक्त लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिग की, जिसके बाद उन्हें बनीखेत में एनएचपीसी के चेहली कॉलोनी में बनाए गए बफर क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया गया।
चेहली कॉलोनी में बफर क्वारंटाइन सेंटर में एक व्यक्ति पहले ही क्वारंटाइन है। यहां अब लोगों की कुल संख्या 27 हो गई है जिनके लिए खाने-पीने सहित अन्य सुविधाओं का प्रबंध उपमंडल डलहौजी प्रशासन द्वारा किया गया है।
उक्त लोगों के जिला में आने की पूर्व जानकारी के चलते उपमंडल डलहौजी प्रशासन बफर क्वारंटाइन सेंटर में पर्याप्त प्रबंध पहले ही कर चुका था। रविवार सुबह एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर भी व्यवस्था जांचने के लिए बनीखेत पहुंच गए थे। एसडीएम ने कहा कि बनीखेत में बफर क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों के सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उक्त लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाएगी।