Himachal: चंबा के सलूणी में मर्जी से काट डाले देवदार के 24 पेड़, वन विभाग ने बीट अफसर व वनरक्षक किए सस्पेंड
Deodar Trees Cutting in Chamba चंबा जिला के वन विभाग मंडल सलूणी के तहत आने वाले गूंगयास जंगल में देवदार के पेड़ों की गलत निशानदेही पर बीट अफसर व वनरक्षक को विभाग ने निलंबित कर दिया है। वन निगम को देवदार के 1800 पेड़ काटने का लाट जारी हुआ था।
चंबा, संवाद सहयोगी। Deodar Trees Cutting in Chamba, चंबा जिला के वन विभाग मंडल सलूणी के तहत आने वाले गूंगयास जंगल में देवदार के पेड़ों की गलत निशानदेही पर बीट अफसर व वनरक्षक को विभाग ने निलंबित कर दिया है। जंगल में वन निगम को देवदार के 1800 पेड़ काटने का लाट जारी हुआ था। इसके बाद इन्हें काटने का कार्य शुरू हुआ। करीब 1700 पेड़ काटे गए। इनमें 24 पेड़ बिना निशानदेही के थे। इसी बीच स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग के पास शिकायत कर दी। शिकायत में कहा कि जारी लाट के अलावा अवैध रूप से देवदार के पेड़ काटे गए हैं।
मुख्य वन अरण्यपाल ने गठित की थी टीम
मुख्य वन अरण्यपाल ने मामले की जांच करने के लिए टीम गठित की। वन मंडलाधिकारी चंबा की अगुआई में आरओ, बीओ और वनरक्षक की टीम ने जंगल के भीतर जाकर लाट और बिना लाट के काटे गए पेड़ों की जांच की। रिपोर्ट मुख्य वन अरण्यपाल को सौंपी जिसके आधार पर बीट अफसर वनरक्षक को निलंबित किया गया।
- मामले की गठित टीम ने जो रिपोर्ट पेश की है, उसके आधार पर बीट अफसर व वनरक्षक को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
-पुष्पेंद्र राणा, मुख्य वन अरण्यपाल चंबा।
चमेला झील में अभिषेक की फिर से की तलाश, नहीं लगा सुराग
गोली-चौहड़ा मार्ग पर 15 नवंबर को शाम के समय बाइक सहित चमेरा झील में गिरे युवक अभिषेक का तलाशी अभियान जारी रहने के बावजूद रविवार को भी कोई सुराग नहीं लगा। प्रशासन द्वारा एनएचपीसी चमेरा पावर स्टेशन-एक के माध्यम से बुलाए गए गोताखोरों के द्वारा चमेरा झील में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के 11वें दिन शनिवार को गोताखोरों को झील में तलाश के दौरान अभिषेक की बाइक बरामद हुई थी। जिससे अभिषेक के भी मिलने की उम्मीद बंध गई थी। रविवार को फिर से गोताखोर अभिषेक की तलाश के लिए चमेरा झील के गहरे व ठंडे पानी में उतरे मगर दिनभर तलाशी अभियान जारी रहने के बावजूद झील में अभिषेक का कोई पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें : Accident in Atal Tunnel: अटल टनल रोहतांग में एक के बाद एक टकराए तीन वाहन, तेज गति बन रही हादसों की वजह