श्रीराम मंदिर के लिए भूमि पूजन की खुशी में चंबा में मनेगी दिवाली
ूरे देश के लिए बुधवार का दिन बहुत खास होगा। पांच अगस्त को अयोध्या में मर्यादाओं के पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा।
संवाद सहयोगी, चंबा : पूरे देश के लिए बुधवार का दिन बहुत खास होगा। पांच अगस्त को अयोध्या में मर्यादाओं के पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा। भगवान श्रीराम के स्वागत के लिए अयोध्या सज चुकी है, वहीं चंबा में भी दिवाली जैसा माहौल होगा। सब जगह भगवान श्रीराम के जयकारे लगेंगे। चंबा के लोगों व संस्थाओं ने भी भगवान के नाम समर्पित इस दिन को अपने-अपने तरीके से भक्ति के रंग में रंगने की तैयारी कर ली है।
बुधवार शाम को प्रेरणा द इंस्प्रेशन संस्था द्वारा चंबा शहर में करीब 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों के अलावा व्यापारी वर्ग सहित आम लोग भी शामिल होंगे। बुधवार को चंबा शहर 2100 दीपों की रोशनी से जगमगाने वाला है। वहीं महाजन सभा के अध्यक्ष संजीव महाजन एवं सेवा भारती चंबा के अध्यक्ष संदीप मेहरा व अन्य कार्यकर्ताओं ने शहर के तमाम मोहल्लों में पत्रक बांटे। लोगों से आग्रह किया है कि पांच अगस्त को इस पावन अवसर पर अपने-अपने घरों व संस्थानों पर पांच दीपक अवश्य जलाएं। उन्होंने लोगों से अपील की है सभी लोग शारीरिक दूरी व मास्क का ध्यान रखें। पांच अगस्त को राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए होने वाले भूमि पूजन के अवसर पर सभी लोग अपने घरों में दीपक जलाएं। सुबह घरों में भजन-कीर्तन करें, पूजा-अर्चना करें और शाम के समय घर में दीपक जलाकर उत्सव मनाएं।
वहीं, सेवा भारती, विश्व हिदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. केशव, महाजन सभा के जिलाध्यक्ष संजीव महाजन, वाल्मीकि सभा के अध्यक्ष महेंद्र कुमार सभी संस्थाओं के साथ मिलकर भूमि पूजन के बाद चंबा में दीप प्रज्वलित करेंगे। कहा यह हर भारतवासी के लिए बहुत ही गौरव का विषय है। श्रीराम शरणम संस्था बकलोह के सदस्य सोम राज मोहन ने बताया कि संस्था द्वारा बुधवार सुबह दस बजे से श्रीराम के नाम का जाप किया जाएगा। --------
बुधवार का दिन बहुत ही शुभ होने वाला है। इस पावन अवसर पर प्रेरणा द इंसिप्रेशन संस्था जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए चंबा शहर व अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी दीप प्रज्वलित करेगी। दीपक संस्था के सदस्यों व जनसहयोग से प्रज्वलित किए जाएंगे। यह सभी के लिए गौरव का क्षण है। बुधवार को इस पावन पर्व का सभी लोग गवाह बनेंगे। सभी भारतवासी को इस पर्व की शुभकामनाएं।
-दीपक भाटिया, अध्यक्ष प्रेरणा संस्था।
-------
सेवाभारती संस्था द्वारा श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस कार्य को सभी संस्थाओं के साथ मिलकर अंजाम दिया जाएगा। लोगों को बधाई भी देंगे। साथ ही लोगों से अपील की जाएगी कि एकजुट होकर इस दिन को त्योहार की तरह मनाएं। यह दिन सही मायने में बहुत ही खास दिन है। प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण का लोग बड़ी बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे थे। आज यह इंतजार खत्म हो गया है।
-संदीप कुमार, जिलाध्यक्ष सेवाभारती संस्था चंबा।
------------
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन के दौरान विशेष कार्यक्रम करने का फैसला लिया है। विद्यार्थी परिषद द्वारा बुधवार को तेलका में हवन किया जाएगा। इसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। हवन सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा। श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होने की सूचना मिलते ही सभी कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। इस दौरान लोगों को श्रीराम की महिमा से भी अवगत करवाया जाएगा तथा आपसी भाईचारे को और बेहतर करने का आग्रह किया जाएगा।
-अभिलाश शर्मा, जिला संयोजक एबीवीपी।