चमीणू में युवाओं ने खेला पिठ्ठू
संवाद सहयोगी चंबा मिंजर मेले के उपलक्ष्य में चंबा रि-डिस्कवर संस्था द्वारा शुक्रवार को चंबा म
संवाद सहयोगी, चंबा : मिंजर मेले के उपलक्ष्य में चंबा रि-डिस्कवर संस्था द्वारा शुक्रवार को चंबा मुख्यालय के समीप चमीणू में पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों के आगाज पर हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के सदस्य एवं चंबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव दयाल मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान ब्राग गिट्टी, चानण चप्पा, पिठ्ठू गरम, चोपड़, कोडी, नौ गिटड़ा, दोडे की गुत्थी, पैसे की गुत्थी, अखरोट की गुत्थी, गाटे, बजिक गिल्ली डंडा, गुलेल से निशाना, हुडू, ज्ञान चौपड़ आदि पुराने खेल आयोजित हुए। इन खेलों का युवाओं ने काफी लुत्फ उठाया।
सारंग, मैत्रेया, प्रखर, तुषार, विकास, देवेंद्र सिंह, देवेंद्र पुरी, रमेश, मगनदीप, विजय, लोकेश नाथ, दिव्यांशू, तनु, अनिल, अभिषेक, ईशु, काजल, अनामिका तथा कबू ने बताया कि उन्हें पुरानी खेलों को खेलने में काफी आनंद आया। उन्होंने चंबा रि-डिस्कवर संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह काफी अनूठी पहल है। इस तरह के आयोजन भविष्य में भी होने चाहिए।
वहीं, चंबा रि-डिस्कवर संस्था के संयोजक मनुज शर्मा ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक खेलों सहित पुराने जमाने में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों से युवा पीढ़ी को अवगत करवाना है, ताकि युवा पीढ़ी को अपने अतीत के बारे में जानकारी हो सके। वर्तमान में अधिकतर बच्चे व युवा मोबाइल फोन के माध्यम से ही खेलों का आनंद उठाते हैं, जबकि पुराने जमाने में खेले जाने वाले खेलों में शारीरिक व मानसिक कसरत भी होती थी।