बहनों को पसंद आ रहीं चंदन की खुशबू वाली राखियां
रक्षाबंधन को लेकर चंबा शहर में चहल-पहल देखी गई। जगह-जगह सजी राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर खूब बिक्री हुई।
संवाद सहयोगी, चंबा : रक्षाबंधन को लेकर चंबा शहर में चहल-पहल देखी गई। जगह-जगह सजी राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर खूब बिक्री हुई। बहनों को चंदन की खुशबू वाली राखियां खूब पंसद आ रही हैं, वहीं अपने छोटे भाइयों के लिए कार्टून शो जय हनुमान, गणेश वाली राखियां खरीदी जा रही हैं। सीमा पर भारतीय सेना की चीन के साथ हुई झड़प के बाद से लोग चीन निर्मित सामान को नहीं खरीद रहे हैं। राखियों पर भी इसका असर पड़ा है। बहनें स्वदेशी राखियां ही खरीद रही हैं।
इस समय बाजार में पांच से 50 व 70 रुपये तक की राखियां मौजूद हैं। रेशम के धागे वाली रंगबिरंगी राखियां लोगों को काफी भा रही हैं। राखी की पूरी थाली भी सजी हुई बाजार में उपलब्ध है। इसमें राखी, चावल रोली, दीपक, मिसरी और मेवा को सजाया गया है। चंदन की खुशबू वाली राखी व रंग-बिरंगे धागों में नग जड़ी राखियां सबसे ज्यादा पंसद की जा रही हैं। हालांकि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में राखियां दस से 20 फीसद महंगी हुई हैं लेकिन खरीदारी पर महंगाई का असर नहीं दिखा। ग्राहक कम दाम की राखी खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
राखी विक्रेता हरीश ने बताया रेशम की कम दाम वाली हल्की राखियों की बाजार में अधिक मांग है। उधर माला-फूल की खरीदारी भी खूब हुई। रक्षाबंधन तीन अगस्त को है। ऐसे में लोगों ने रक्षाबंधन पर्व के लिए खरीदारी शुरू कर दी है। लोगों ने राखियों के साथ नारियल, नारियल का गोला, कपड़े आदि भी खरीदे। दुकान संचालक तेज सिंह ने बताया कि अबकी बार चीनी राखियां नहीं बेची जा रही हैं। स्वदेशी राखियों को ही तरजीह दी जा रही है।