चंबा में 45 रूटों पर चलेंगी निगम की बसें
चंबा जिला में आज से 73 दिन बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें रूटों पर दौड़ेंगी।
संवाद सहयोगी, चंबा : चंबा जिला में आज से 73 दिन बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें रूटों पर दौड़ेंगी। निगम ने शुरूआत में जिले के 45 रूटों पर बसें चलाने का फैसला लिया है। इस दौरान कोरोना संक्रमण को हराने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
जिले से बाहर सिर्फ राजधानी शिमला के लिए नॉन स्टॉप बस चलाई जाएगी जबकि जिले के भीतर कई रूटों पर बसों को चलाया जाएगा। चालक-परिचालक तथा सवारियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए 40 फीसद सीटें खाली रखी जाएंगी। रूट पर जाने से पहले तथा वापस आने के बाद बसों को दो बार सैनिटाइज किया जाएगा ताकि कोरोना संक्रमण की संभावनाओं को खत्म किया जाए।
रविवार को छुट्टी के दिन निगम की साठ बसों को सैनिटाइज किया गया। इसके लिए कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया गया था। बस अड्डा प्रभारी अशोक कुमार ने बस चालकों व परिचालकों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चालकों व परिचालकों को फेस मास्क, फेस शील्ड, दस्ताने समेत अन्य जरूरी सामान दिया। चंबा जिले में सोमवार से भरमौर, होली, सलूणी, तीसा, बनीखेत, शक्तिदेहरा, गागला, उटीप, झुलाड़ा, खजियार, कोलका, झुलाड़ा, कैला, सिलाघ्राट, जुम्हार समेत अन्य रूटों पर बसों को चलाया जाएगा। लोकल रूट पर पर जाने वाली बसों की टिकट बस में ही काटी जाएगी जबकि लंबी दूरी की बस के लिए एडवांस बुकिग करवानी होगी। बुकिग के लिए परिवहन निगम ने स्पेशल टीम का गठन किया है। राजधानी शिमला के लिए एकमात्र लंबी दूरी की नॉन स्टॉप बस ही जाएगी। शाम पांच बजे के बाद निगम की कोई भी बस रूट पर नहीं जाएगी जबकि सुबह सात बजे से बसों को चलाने का कार्य शुरू किया जाएगा। अगर सब कुछ ठीक रहता है तो आगामी दिनों में निगम जिला प्रशासन से बात करके समय सीमा व बसों के रूटों को बढ़ा सकता है।
.....
निजी बसें न चलने से निगम पर बढे़गा दबाव
चंबा में निजी परिवहन संघ ने दस जून तक बसों को न चलाने का निर्णय लिया है। ऐसे में सरकारी बसों पर अधिक दबाव होगा। जिला के साहो, प्रौथा, कीड़ी समेत कई ऐसे रूट हैं जहां निजी बसों की आवाजाही अधिक है। ऐसे में उक्त रूटों पर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। परिवहन निगम प्रशासन ने अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय नहीं लिया है।
--------
चंबा में सोमवार से 45 रूटों पर बसों को चलाया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक बसों को चलाया जाएगा, लेकिन लोग जरूरी कार्य के लिए ही घरों से निकलें। बसों में साठ प्रतिशत सवारियों को ही शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बैठाया जाएगा।
-सुभाष, आरएम चंबा।