चंबा शहर में दो दिन से नहीं उठाया कूड़ा
शहर के मुख्य बाजार की लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था के चलते जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर लग गए हैं।
संवाद सहयोगी, चंबा : शहर के मुख्य बाजार की लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था के चलते जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर लग गए हैं। शहर में दो दिन से कूडे़ के ढेर नहीं उठाए गए हैं। कूडे़दान फुल हो जाने से गंदगी सड़कों पर गिर रही है। शहर के चौगान नंबर तीन के पार्किंग स्थल के पास कूड़े का अंबार लग गया है, जिससे बाजार में गंदगी का आलम बना हुआ है।
हवा के साथ गंदगी से निकलने वाली बदबू से शहर के लोग भी परेशान हो गए हैं। हालात यह है कि शहर में जगह-जगह सडकों पर कूड़ा बिखरा पड़ा है। नगर परिषद के पास कोई स्थाई डंपिंग साइट न होने से शहर के कूड़े-कचरे को इधर- उधर रात के अंधेरे में ठिकाने लगाया जा रहा है। मगर इन स्थलों पर भी कूड़ा-कचरा गिराने से लोगों की मनाही के चलते अब नगर परिषद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के कूड़े- को ठिकाने लगाना नगर परिषद के लिए चुनौती साबित हो रहा है।
शहरवासियों ने नगर परिषद से जल्द डंपिंग साइट को चिन्हित कर कूडे़ को ठिकाने का स्थायी प्रबंध करने का आग्रह किया है। वहीं, वीरवार दोपहर को चंबा-जोत मार्ग पर भटालवां के पास कूड़ा फेंकने गई गाड़ी का लोगों ने विरोध किया। उधर नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि कूड़ा उठाने के बारे में ठेकेदार को निर्देश दिए हैं, जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।