बलवंत सिंह के लिए परिवार से ज्यादा अहम है कर्तव्य
कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र के निवासी व पुलिस थाना डलहौजी में एएसआइ के पद पर सेवारत बलवंत सिंह अपनी ड्यूटी को पहला कर्तव्य मानते हैं।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र के निवासी व पुलिस थाना डलहौजी में एएसआइ के पद पर सेवारत बलवंत सिंह अपनी ड्यूटी को पहला कर्तव्य मानते हैं। इसी कर्तव्य को निभाने के उद्देश्य से बलवंत सिंह ने बीते चार माह से एक भी छुट्टी नहीं ली है। जबकि घर पर उनकी सौ वर्षीय वृद्ध मां रोज बेटे की घर आने की राह ताकती है। बलवंत सिंह की पत्नी भी घर के कामकाज के साथ-साथ अपनी बुजुर्ग सास की सेवा कर रही हैं। बलवंत सिंह का बेटा कंदरोड़ी में बैंक में सेवारत है। बीते चार माह से लगातार ड्यूटी दे रहे एएसआइ बलवंत सिंह कोविड-19 दौरान जिला चंबा के प्रवेशद्वार हटली बैरियर भी सेवाएं दे चुके हैं। ड्यूटी दौरान उन्हें कोरोना टेस्ट की प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ा। इन टेस्ट नेगेटिव आया था। बलवंत सिंह कोविड-19 दौरान अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से निभा रहे हैं और लोगों को भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं। बलवंत सिंह का कहना है कि परिवार की जिम्मेवारी तो है परंतु कोविड-19 दौरान लोगों की सुरक्षा इससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। मां व परिवार के अन्य सदस्यों की याद आने पर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल करके बात कर लेते हैं।