सरकार व प्रशासन का सहयोग ही असली देशभक्ति
कोरोना वायरस के संक्रमण बचाव के लिए हम खुद ही सहायता कर सकते हैं।
संवाद सहयोगी, चंबा : कोरोना वायरस के संक्रमण बचाव के लिए हम खुद ही सहायता कर सकते हैं। कोई भी दूसरा व्यक्ति ऐसा नहीं कर सकता। हिमाचल प्रदेश में हर दिन कोई न कोई नया मामला सामने आ रहा है। इसका कारण लोगों की लापरवाही है। यह बात हेल्पिग हैंड्स टीम के राज्य अध्यक्ष सन्नी सूर्यवंशी ने कही। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर इस बीमारी से बचने के लिए अगर कोई वैक्सीन है तो वह है शारीरिक दूरी। इसी उपाय से हम इस बीमारी से लड़ सकते है और इसे हरा सकते हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश अन्य राज्यों के मुकाबले बीमारी से लड़ने में काफी कामयाबी हासिल कर रहा है और इसका श्रेय डॉक्टरों, पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार को जाता है, लेकिन जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं तो इसकी रोकथाम के लिए हमें घर पर ही रहना होगा और शारीरिक दूरी का पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों व विदेशों से लाखों की संख्या में लोगों का आगमन हुआ है। इसमें से अधिक लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सरकार इन सबकी जानकारी जुटा कर इनकी ट्रेवल हिस्ट्री के बारे में पता लगाकर इनकी जांच करने में जुटी है। बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ लोग प्रशासन का सहयोग नहीं कर रहे हैं जिसके चलते बीमारी फैलने के आसार अधिक हैं। इस समय देशभक्ति व देशसेवा करने का केवल एक ही तरीका है कि हम पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। सरकार द्वारा लिए गए फैसले जन कल्याण के लिए हैं। लेकिन कुछ लोग समाज के दुश्मन बन बैठे हैं। यह समय बहुत ही कठिन है, लेकिन इस दुविधा से बचने के लिए हमें हिम्मत और अनुसाशन की सख्त जरूरत है। सभी हिमाचल वासियों को अनुशासन में रहकर इस लड़ाई को लड़ना होगा और प्रशासन का सहयोग कर इस महामारी को हराना होगा।