खड़ामुख डैम में मिला अज्ञात वाहन
खड़ामुख डैम में एक अज्ञात वाहन मिला है।
संवाद सहयोगी, भरमौर : खड़ामुख डैम में एक अज्ञात वाहन मिला है। मामला चार सितंबर का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया है। एक स्थानीय गोताखोर वाहन पानी के भीतर तक देख आया है। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन चंबा के रजेरा का है, जिसका चालक एक अन्य व्यक्ति के साथ भरमौर सवारियां छोड़ने गया था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा है। माना जा रहा है कि यह वही वाहन है। दुर्घटना के दौरान इसे किसी ने नहीं देखा होगा। वाहन में सवार चालक व अन्य व्यक्ति लापता हैं। लापता चालक का नाम विनोद कुमार व साथ गए व्यक्ति का नाम भगवान दास है, जो कि रजेरा गांव के ही हैं। पुलिस अभी कुछ भी बताने में असमर्थ है। उन्होंने विद्युत परियोजना से डैम का पानी कम करने को कहा है।
डीएसपी अजय ठाकुर ने कहा कि डैम के पानी में वाहन जैसी आकृति दिख रही है। दुर्घटना संभावित स्थान के पास वाहन से गिरे पैन ड्राइव व कुछ अन्य सामान टूटकर गिरा है। वाहन मालिक ने इसे अपनी ही गाड़ी का सामान बताया है। डीएसपी ने बताया कि विद्युत परियोजना ने शनिवार सुबह आठ बजे डैम का पानी कम करने की जानकारी दी है।