चंबा-जोत मार्ग पर मंगला के ग्रामीणों ने किया चक्का जाम chamba News
मंगला पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह मंगला के पास आठ से दस बजे दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया।
मंगला/चंबा, जेएनएन। बंजार बस हादसे के बाद प्रदेश में ओवरलोडिंग पर पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से शिकंजा कसे जाने से लोग परेशान हैं। लोगों को घर जाने के लिए बसों में नहीं बैठाया जा रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल के बच्चों को झेलनी पड़ रही है। छात्रों और लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। मंगला
पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह मंगला के पास आठ से दस बजे दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया। जिस कारण दोनों तरफ से वाहनों की अवाजाही ठप हो गई। सुलतानपुर चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की, इसके बाद दो घंटे बाद मार्ग को आवाजाही के लिए बहाल किया जा सका। दो घंटे के बाद भी मार्ग में वाहनों की आवाजाही दुरुस्त होने में डेढ़ घंटे का अतिरिक्त समय लगा।
लोगों का कहना है कि उनके लिए आवाजाही की उचित व्यवस्था की जाए। लोगों व विद्यार्थियों ने सड़क के बीच बैठकर बसों की आवाजाही को रोक दिया। इस मौके पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम व प्रदर्शन करने वालों में मंगला से चंबा की तरफ जाने लोगों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने बस में न बिठाए जाने पर सड़क में चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ओबड़ी से लेकर गेट तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की रफ्तार थम गई, इससे अन्य लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ा।
निजी व निगम की बसों में सीट टू सीट सवारियां बिठाने को लेकर लोगों में रोष है। बंजार बस हादसे के बाद चंबा में भी पुलिस ओवरलोडिंग व अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ऐसे में चालक निजी व निगम की बसों में सीट टू सीट सवारियों को बिठा रहे हैं। इसका खामियाजा स्कूल के विद्यार्थियों व आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उधर, सुलतानपुर चौकी प्रभारी नवेंद्र सिंह ने कहा बसों में न बैठाए
जाने से नाराज लोगों ने मंगला में सोमवार को चक्का जाम कर दिया था। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को बहाल किया गया।