देवभूमि के चार सांसद ही 40 के बराबर : शाह
अमित शाह ने कहा हिमाचल वीरों की भूमि है। शाह ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए कांगड़ा जवाली के जवान तिलक राज को याद किया।
जागरण टीम, चंबा/बिलासपुर/नाहन : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को चंबा, बिलासपुर और नाहन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां कांग्रेस पर जमकर हमला बोला वहीं प्रदेश के सैनिकों की पीठ भी थपथपाई। चंबा में उन्होंने कहा कि देवभूमि के चार सांसद ही 40 के बराबर हैं। वीरभद्र सरकार प्रदेश के लिए मंजूर एनएच की डीपीआर नहीं बना सकी। जयराम सरकार ने एक साल में यह काम कर दिया। हिमालय की कंदराओं से कन्याकुमारी तक आवाज जानी चाहिए कि 2019 में पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार बनने जा रही है। लंबे अरसे के बाद वह देवभूमि में आए हैं।
हिमाचल वीरों की भूमि है। उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवाली (कांगड़ा) के जवान तिलक राज को याद किया। कहा कि, हिमाचल उन राज्यों में से हैं, जिसके जवान देश की सुरक्षा के लिए जान देने से नहीं झिझकते। कहीं देश के लिए जान देने का समय आता है तो वहां सबसे पहले हिमाचल के युवा खड़े होते हैं। यह प्रदेश चार-चार परमवीर चक्र प्राप्त करने वालों की भूमि है। मेजर सोमनाथ शर्मा, ले. कर्नल ध्यान ¨सह थापा, कैप्टन विक्रम बतरा और राइफलमैन संजीव कुमार ने देश का नाम रोशन किया है। इससे पहले उन्हें चंबा रुमाल व चंबा थाल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं बिलासपुर में कहा कि अनुराग ठाकुर को संसद भेजें वह उन्हें बड़ा नेता बनाकर वापस हमीरपुर की जनता के पास भेजेंगे।
मोदी की पाक के खिलाफ साहसिक कार्रवाई किए जाने का ही परिणाम है कि आज पूरा देश मोदीमय हो गया है। महागठबंधन महामिलावट है। इस मिलावट के नेता राहुल गांधी हैं। उनके कार्यक्रम में देर से आने पर कुछ वक्ताओं को ही बोलने का मौका मिल पाया। उधर, नाहन चौगान में अमित शाह ने काली स्थान मंदिर, महामाया बाला सुंदरी मंदिर, श्रीरेणुकाजी मंदिर, पांवटा साहिब, मां भगायणी मंदिर सहित देवी-देवताओं को याद किया। उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। आश्वस्त किया कि सिरमौर के लिए जो नौ एनएच घोषित हैं जल्द ही उनका काम शुरू करवा दिया जाएगा। नाहन मेडिकल कॉलेज का काम भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने मात्र 25 मिनट तक संबोधित किया। केंद्र की यूपीए सरकार ने सैनिकों के साथ भद्दा मजाक किया था। मोदी सरकार ने पहले ही वर्ष वन रैंक-वन पेंशन देकर सैनिकों व पूर्व सैनिकों का सम्मान किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप