कुटलू व गडेण में लोगों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
ग्राम पंचायत बाढ़का के कुटलू व गडेण गांव में लोगों को कानूनी अधिकारों पर जागरूक किया गया।
संवाद सहयोगी, चंबा : ग्राम पंचायत बाढ़का के कुटलू व गडेण गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कानूनी सलाहकार रमेश कुमार ने लोगों को विभिन्न न्यायालयों में मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक लाख से कम वार्षिक आय वाला व्यक्ति, एससी, एसटी, दो लाख से कम आय वाला वरिष्ठ नागरिक सरकार द्वारा मुफ्त कानूनी सहायता का हकदार होता है। इसके अंतर्गत पात्र लोगों को सरकारी खर्च पर वकील, न्याय शुल्क व मुकद्दमों पर अन्य व्यय दिए जाते हैं। इसके लिए पात्र व्यक्ति न्यायालय स्तर पर उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव, जिला स्तर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपमंडल स्तर पर उपमंडल में नियुक्त वरिष्ठ उप न्यायाधीश एवं उप मंडलीय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष के पास मुफ्त कानूनी सहायता पा सकता है। इस मौके पर नंदिया राम, पंछी राम, हंसो, चिकणू, टेकू सहित लोग मौजूद रहे।