चंबा में सिक्योरिटी गार्ड के लिए इंटरव्यू, योग्यता 10वीं पास; 20000 रुपये मिलेगी सैलरी
चंबा जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए निजी सुरक्षा कंपनी में 100 सिक्योरिटी गार्ड पदों पर भर्ती का अवसर है।

चंबा में तीन से छह नवंबर तक होंगे कैंपस इंटरव्यू (फाइल फोटो)
HighLights
चंबा में 100 सिक्योरिटी गार्ड पदों पर भर्ती
साक्षात्कार 3 से 6 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर
17,000 से 20,000 रुपये मासिक वेतन, 10वीं पास
जागरण संवाद केंद्र, चंबा। चंबा के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय बालू (चंबा) की ओर से निजी सुरक्षा कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के 100 पदों को भरने के लिए उपमंडल स्तर पर कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है।
यह साक्षात्कार तीन नवंबर से छह नवंबर 2026 तक जिला के चार अलग-अलग रोजगार कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी चंबा जितेंदर सिंह वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। निजी सुरक्षा कंपनी सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (आरटीए हमीरपुर) की ओर से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार तीन नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय चंबा, चार नवंबर को उप रोजगार कार्यालय भरमौर, पांच नवंबर को उप रोजगार कार्यालय डलहौजी तथा छह नवंबर को उप रोजगार कार्यालय सुंडला में साक्षात्कार होंगे।
10वीं पास दे सकेंगे इंटरव्यू
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या इससे अधिक रखी गई है। अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
भर्ती केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए है। अभ्यर्थी की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर या इससे अधिक और वजन 55 किलोग्राम से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है।
चयनित अभ्यर्थियों को एक माह के प्रशिक्षण के उपरांत 17,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक ग्रास मासिक वेतन तथा अन्य भत्ते व सुविधाएं दी जाएंगी।
ये दस्तावेज होना जरूरी
चयनित सुरक्षा गार्डों की तैनाती हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड) और नवीनतम बायोडाटा (रिज्यूम) लेकर निर्धारित तिथि और स्थान पर सुबह 10:30 बजे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों विभाग की ओर से किसी भी प्रकार का यात्रा या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।
