बकरोआ में सो रहे लोगों पर गिरा प्लास्टर, तीन घायल
ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत बकरोआ गांव में रविवार रात 10 बजे कमरें में सोए बुजुर्ग व उनकी पोती पर अचानक छत का प्लास्टर गिरने से घायल हो गए।
संवाद सहयोगी, भगेड़ : ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत बकरोआ गांव में रविवार रात 10 बजे कमरे में सोए बुजुर्ग दंपती और उनकी पोती पर छत का प्लास्टर गिरने से तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार 74 वर्षीय प्रेमलाल, उनकी 68 वर्षीय पत्नी दुर्गी देवी और पोती पूजा कुमारी कमरे में सो रहे थे। इस बीच छत का प्लास्टर उन पा आ गिरा। प्लास्टर का अधिकांश भाग दुर्गी देवी व प्रेमलाल पर गिरा। इससे दुर्गी देवी को सिर, चेहरे बाजू पर गहरी चोटें आई हैं। घटना के बाद उनके चिल्लाने पर साथ लगते घरों से लोग इकट्ठे हो गए और ऊपर गिरे प्लास्टर को हटाया। लोगों ने अपने वाहन में डालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों को देखते हुए दुर्गी देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना से गरीब परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट गया है। प्रेम लाल का बेटा राजकुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा है। राजकुमार का कहना है कि उनके पास तीन कमरे हैं, जिसमें अब रहना खतरे से खाली नहीं है। छत का प्लास्टर गिरने से परिवार के लोगों को पड़ोसियों के घर में रहकर ही रात गुजारने पड़ेगी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस परिवार की आर्थिक सहायता की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप