हिमाचल: बिलासपुर में नेशनल हाईवे 205 पर खालोटा के पास ट्रैफिक डायवर्ट, ड्राइवरों को सतर्क रहने की सलाह
राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर बिलासपुर के खालोटा गांव के पास सड़क धंसने के कारण यातायात डायवर्ट किया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर रूट डायवर्ट (जागरण फाइल)
HighLights
एनएच-205 पर खालोटा के पास यातायात डायवर्ट।
मानसून में सड़क धंसने के कारण मरम्मत कार्य जारी।
एनएचएआई ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने को कहा।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर बिलासपुर जिले की नम्होल उपतहसील के तहत गांव खालोटा के पास एहतियातन यातायात डायवर्ट करने की सलाह दी गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने सड़क पर आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
एनएचएआइ के अनुसार, वर्तमान मानसून सीजन के दौरान पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में सड़क धंसने की स्थिति सामने आई है। इसे देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए हैं। प्राधिकरण की ओर से सड़क के इस हिस्से की लगातार निगरानी की जा रही है।
एनएचएआइ ने वाहन चालकों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने, वाहन चलाते समय सतर्क रहने और संबंधित अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की है। सड़क पर जरूरी सुधार कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इसका उद्देश्य मार्ग पर यातायात को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखना है।
