उत्तर प्रदेश के पंचायत प्रधान ने की पत्नी की हत्या
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से अपनी पत्नी के साथ मनाली घूमने आए हुए एक व्यक्ति ने आज सुबह बिलासपुर चंडीगढ़ रोड पर अचानक पत्नी को सेक्सी टैक्सी से उतारकर उसे कुछ दूरी पर ले जाकर नाले में उसकी हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के व्यक्ति ने मनाली से लौटते समय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव पेड़ से बांध दिया। टैक्सी चालक ने शक होने पर पुलिस को सूचना दी, जिस पर हत्या का राज खुला। आरोपित की पहचान प्रतापगढ़ जिले की तहसील पट्टी के गांव भीतकलां डाकघर कलारी कलां के रूप में हुई है। हत्या का कारण अवैध संबंधों का शक बताया जा रहा है।
प्रतापगढ़ की भीतकलां पंचायत का प्रधान रमेश कुमार मौर्य 19 मार्च को चंडीगढ़ से किराये पर टैक्सी लेकर पत्नी के साथ मनाली घूमने गया था। यहां वे होटल नंदिनी में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढे़ तीन बजे दोनों टैक्सी में वापस आ रहे थे। लौटते समय उसने चालक को बिलासपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर पड़ते कुनाला में टैक्सी रोकने को कहा। इसके बाद वह पत्नी को जंगल में फोटो खींचने के बहाने साथ ले गया और वहां दुपट्टे से गला घोंटकर शव पेड़ से बांध दिया। कुछ समय बाद वह अकेला ही टैक्सी में बैठा और चालक को चंडीगढ़ चलने के लिए कहा। चालक के पत्नी के बारे में पूछने पर उसने कहा कि वह कहीं भाग गई है। चालक को हुआ शक
संदेह होने पर चालक ने थोड़ी दूर जाकर नौणी में पुलिसकर्मियों के सामने टैक्सी खड़ी कर दी और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या करने की बात कही। पुलिस उसे तुरंत मौके पर ले गई। वहां जाकर देखा तो महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटना की सूचना सदर थाना को दी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मौके पर गए। उन्होंने पुलिस टीम को शव को कब्जे में लेने के निर्देश दिए। पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने आरोपित के परिजनों को सूचना दे दी है। अवैध संबंधों का शक
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपित ने दुपट्टे से गला घोंटकर पत्नी की हत्या की बात स्वीकारी है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी के कथित तौर पर किसी व्यक्ति से अवैध संबंध थे, इस कारण उसने घटना को अंजाम दिया है। आरोपित के दो बच्चे हैं और वह इन्हें घर छोड़कर पत्नी के साथ मनाली घूमने आया था।