जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम पहुंचे कोठीपुरा, एम्स के निर्माण कार्यों का लिया जायजा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सुबह एम्स के निर्माण स्थल कोठीपुरा का दौरा किया।
बिलासपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सुबह एम्स के निर्माण स्थल कोठीपुरा का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने एम्स के निर्माण कार्य का जायजा लिया। साथ नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों से भी जानकारी ली। बिलासपुर जिले के तीनों भाजपा विधायक राजेंद्र गर्ग, जीत राम कटवाल, सुभाष ठाकुर के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे। एम्स कार्य का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हेलीकॉप्टर से शिमला के लिए रवाना हो गए हैं। जगत प्रकाश नड्डा आज भी बिलासपुर में ही रहेंगे। उनका कल बिलासपुर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम है। इस दौरान नड्डा पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक बार फिर बुधवार को बिलासपुर पहुंचेंगे।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल के तीन दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंचे हैं। सोमवार को श्रीनयनादेवी माता मंदिर में शीश नवाने के बाद उन्होंने लुहणू मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। साथ ही रात को भाजपा काेर कमेटी की बैठक में भी शिरकत की थी। बैठक में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर गहन चर्चा हुई थी। अब बताया जा रहा है कि सीएम कल यानी बुधवार को दोबारा बिलासपुर पहुंचेंगे व दोनों नेताओं में मुलाकात होगी।