राज्यस्तरीय खेलकूद में दमखम दिखाएंगे बिलासपुर के खिलाड़ी
आट्या-पाट्या (आमना सामना) की राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिल
संवाद सहयोगी, स्वारघाट : आट्या-पाट्या (आमना सामना) की राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर के 48 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आट्या-पाट्या संघ के जिलाध्यक्ष हरदयाल ठाकुर ने बताया कि स्वारघाट में इस खेल का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगा है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का प्रदेश में पहली बार आठ व नौ सितंबर को हमीरपुर में आयोजन किया जाएगा। जिला बिलासपुर से इस प्रतियोगिता के लिए 48 खिलाड़ी भाग लेंगे। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी पालमपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसमें 18 राज्यों की 22 टीमें हिस्सा लेंगी। इसका आयोजन 28 से 30 सितम्बर तक किया जाएगा। आट्या पाट्या खेल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने बताया कि इस खेल को ओलंपिक संघ से मान्यता मिल चुकी है। प्रदेश में इन खेलों का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इस खेलकूद प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी स्वर्ण पदक हासिल करेगा, उसे खेल कोटे के पूरा लाभ मिलेगा। आगामी वर्ष से इस खेलकूद प्रतियोगिता को खंड स्तर से शुरू किया जाएगा। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संघ के उपाध्यक्ष अशोक पाठक व वीरेंद्र तथा सचिव रूपलाल भी उपस्थित रहेंगे।