खड़े-खड़े कबाड़ होने लगी निगम की 20 बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम के बिलासपुर डिपो में पिछले एक वर्ष से करीब बीस बसें खडे खडे कबाड होने लगी हैं।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल पथ परिवहन निगम के बिलासपुर डिपो में एक वर्ष से करीब 20 नीली बसें खड़ी हैं, जो अब कबाड़ होने लगी हैं। कारण यह बताया जा रहा है कि बसों की रिपेयर के लिए निगम की ओर से पुर्जे नहीं खरीदे जा रहे हैं। सिर्फ कलपुर्जे ही नहीं बल्कि इन बसों के टायर भी नहीं मिल रहे हैं। इसका सीधा नुकसान निगम के बिलासपुर डिपो के साथ प्रदेश सरकार को हो रहा है।
बिलासपुर जिले में एचआरटीसी का एक ही डिपो है। इसमें करीब एक सौ बीस बसें हैं, जोकि चलने की हालत में हैं। हालांकि इनमें से भी करीब 70 बसें ऐसी हैं, जोकि अपनी उम्र पूरी कर चुकी हैं, लेकिन इन्हें चलाया जा रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नीली बसें खरीदी थीं। क्षेत्रीय प्रबंधक महेंद्र सिंह ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला है। इस बारे में दोबारा से प्रदेश सरकार को पत्र लिखा जा रहा है, ताकि इन बसों के पुर्जे उपलब्ध करवाए जाएं और इन्हें चलाने की स्थिति में लाया जाए।