जलशक्ति विभाग के कर्मचारी व व्यक्ति के बीच झगड़ा
जलशक्ति विभाग उपमंडल भराड़ी के कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, भराड़ी : जलशक्ति विभाग उपमंडल भराड़ी के कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कर्मचारी पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि सोमवार दोपहर 12 बजे गांव चकराना का राजेंद्र कुमार आया और विभागीय कर्मचारियों से बहस करने लगा। उसने कर्मचारी कश्मीर सिंह के साथ मारपीट की। कर्मचारियों ने वारदात की सूचना जेई मुस्ताक अली को दी। इसके बाद उन्होंने फिटर कश्मीर सिंह के साथ पुलिस थाना भराड़ी में राजेंद्र कुमार के खिलाफ शिकायत दी।
उधर, जलशक्ति विभाग उपमंडल भराड़ी के सहायक अभियंता रविद्र सिंह रणोत ने इस वारदात की निंदा की। कहा कर्मचारियों को सहयोग देने की बजाय अगर लोग ऐसी हरकत करते हैं, तो कर्मचारी लोगों की सेवा कैसे कर पाएंगे। अगर किसी को कोई शिकायत हो तो विभाग के कार्यालय में आकर अपनी बात रख सकते हैं। इस तरह के लड़ाई झगड़े ठीक नहीं।
उधर आरोपित राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपनी जमीन से जा रही पाइपलाइन के बारे में बातचीत कर रहा था। इतने में बहस होते-होते बात लड़ाई झगड़े पर पहुंच गई। राजेंद्र कुमार ने बताया कि वे चोटिल हुए हैं। उसके बाद उन्होंने पुलिस थाना भराड़ी में विभाग के कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दी है। इस मामले में पुलिस थाना भराड़ी के प्रभारी सतपाल शर्मा ने कहा दोनों पक्षों ने शिकायत पत्र दिए हैं। दोनों पक्षों का मेडिकल करवाया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।